राइट्स लिमिटेड में मैनेजर सहित 33 पदों पर आवेदन शुरू, जानें योग्यता और चयन प्रक्रिया
नई दिल्ली, 15 सितंबर (आईएएनएस)। रेल इंडिया टेक्निकल एंड इकोनॉमिक सर्विस (राइट्स), लिमिटेड में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। राइट्स लिमिटेड ने नियमित आधार पर इंजीनियरिंग पेशेवरों के विभिन्न 33 पदों पर भर्ती के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अलग-अलग नोटिफिकेशन जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।
राइट्स लिमिटेड की ओर से जारी 33 रिक्तियों में मैनेजर (डिजाइन इंजीनियर/लंबे-स्पैन वाले पुल) के 1, मैनेजर (डिजाइन इंजीनियर/पुल) के 6, मैनेजर (डिजाइन इंजीनियर/मेट्रो स्टेशन) के 1, मैनेजर (ईएसपी एक्सपर्ट) के 1, मैनेजर (स्टील स्ट्रक्चर इंजीनियर) के 1, मैनेजर (पुल और इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियर) के 1, असिस्टेंट मैनेजर (डिजाइन इंजीनियर/पुल) के 10, असिस्टेंट मैनेजर (लागत अनुमानक) के 1, असिस्टेंट मैनेजर (सर्वे) के 2, असिस्टेंट मैनेजर (पुल पुनर्वास और एनडीटी इंजीनियर) के 4, असिस्टेंट मैनेजर (टनल इंजीनियर) के 1, डीजीएम (डिजाइन इंजीनियर/लंबे स्पैन वाले पुल) के 1, डीजीएम (रेलवे अलाइनमेंट डिजाइनर) के 1, डीजीएम (भू-भौतिक विज्ञानी) के 1 और डीजीएम (टनल इंजीनियर) के 1 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 15 सितंबर से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर तक तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार राइट्स लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर लें।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से पद से संबंधित विभाग के अनुसार इंजीनियरिंग में फुल-टाइम बैचलर डिग्री और क्वालिफिकेशन के बाद पद के अनुसार निर्धारित कम से कम 2 से 11 वर्षों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की अधिकतम आयु पद के अनुसार असिस्टेंट मैनेजर के लिए 32 वर्ष, मैनेजर के लिए 35 वर्ष और डीजीएम के लिए 41 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले उम्मीदवारों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा (पद के अनुसार), इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 40,000 से 2,00,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे। वहीं, लिखित परीक्षा 28 अक्टूबर को आयोजित होने की संभावना है।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी के लिए 600 रुपए और ईडब्ल्यूएस/एससी/एसटी/पीडब्ल्यूडी श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए 300 रुपए तय किया गया है।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी

