रेवेन्यू शेयरिंग पर विवाद : बेंगलुरु के विजय सिनेमा में रणबीर कपूर की 'रामायण' नहीं होगी रिलीज
बेंगलुरु, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। बेंगलुरु के सिंगल स्क्रीन थिएटर विजय सिनेमा ने निर्देशक नितेश तिवारी की आने वाली फिल्म 'रामायण' को अपने यहां रिलीज नहीं करने का फैसला किया है। थिएटर ने इसकी वजह फिल्म के डिस्ट्रीब्यूटर्स के साथ रेवेन्यू शेयरिंग यानी कमाई के बंटवारे को लेकर हुआ विवाद बताया है।
विजय सिनेमा का कहना है कि वह एक तय प्रतिशत के आधार पर कमाई साझा करने वाले मॉडल पर काम करता है, लेकिन फिल्म के डिस्ट्रीब्यूटर्स इस शर्त पर फिल्म रिलीज करने के लिए तैयार नहीं हैं।
विजय सिनेमा की ओर से जारी बयान में बताया गया कि थिएटर में फिल्मों की कमाई का बंटवारा प्रतिशत के आधार पर होता है। इस व्यवस्था के तहत फिल्म के प्रदर्शन और उससे होने वाली कमाई के हिसाब से थिएटर और डिस्ट्रीब्यूटर्स के बीच राजस्व साझा किया जाता है। हालांकि, 'रामायण' के डिस्ट्रीब्यूटर्स ने थिएटर में इसी व्यवस्था के तहत फिल्म रिलीज करने से इनकार कर दिया है।
थिएटर ने साफ कहा कि फिल्म को रिलीज नहीं करने का फैसला 'रामायण' या उसकी कहानी के खिलाफ नहीं है, बल्कि यह रेवेन्यू शेयरिंग की शर्तों से जुड़ा मामला है।
विजय सिनेमा ने कहा कि वह पहले भी कुछ फिल्मों को लेकर इसी तरह का रुख अपना चुका है।
थिएटर के मुताबिक, इससे पहले उसने थलपति विजय की फिल्म 'जन नायकन' और यश की आने वाली फिल्म 'टॉक्सिक' को लेकर भी इसी तरह का फैसला लिया था। थिएटर ने अपने रुख को दोहराते हुए कहा कि यह किसी खास फिल्म को निशाना बनाने का मामला नहीं है, बल्कि उसके कारोबार के तय नियमों और कमाई के बंटवारे से जुड़ा है।
बता दें कि नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' भारतीय महाकाव्य पर आधारित फिल्म है। इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी चर्चा है। फिल्म में भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर, सीता के रूप में साई पल्लवी और रावण के रूप में यश शामिल हैं। इनके अलावा, सनी देओल, रवि दुबे, रकुल प्रीत सिंह, अरुण गोविल, लारा दत्ता, विवेक ओबेरॉय और अनुपम खेर जैसे कलाकार भी नजर आएंगे।
'रामायण' दो पार्ट में रिलीज होगी। पहला पार्ट इसी साल 5 नवंबर को रिलीज होगा। वहीं, दूसरा पार्ट अगले साल दीपावली पर रिलीज होगा।
--आईएएनएस
पीके/एबीएम

