Samachar Nama
×

रिपोर्ट: अगले साल यूएसए या कनाडा में वेस्टइंडीज की मेजबानी में टी20 सीरीज खेल सकता है भारत

रिपोर्ट: अगले साल यूएसए या कनाडा में वेस्टइंडीज की मेजबानी में टी20 सीरीज खेल सकता है भारत
रिपोर्ट: अगले साल यूएसए या कनाडा में वेस्टइंडीज की मेजबानी में टी20 सीरीज खेल सकता है भारत

मुंबई, 16 नवंबर (आईएएनएस)। रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक से एक साल पहले लॉस एंजिल्स में खेलने का मौका मिल सकता है। भारत अगले साल जुलाई में वेस्टइंडीज के खिलाफ अमेरिका और कनाडा में दो टी20 मुकाबले खेलेगा, जिसमें एक मैच लॉस एंजिल्स में आयोजित किए जाने की संभावना है। लॉस एंजिल्स के अलावा, वाशिंगटन डीसी और टोरंटो भी संभावित वेन्यू में शामिल हैं।

'क्रिकेट वेस्टइंडीज' इस क्षेत्र में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) का इकलौता 'फुल मेंबर' है, जो उत्तरी अमेरिका में अपनी पहुंच बढ़ा रहा है।

'ईएसपीएनक्रिकइन्फो' की रिपोर्ट के मुताबिक, क्रिकेट वेस्टइंडीज की तरफ से आयोजित की जाने वाली यह सीरीज, आईसीसी के 2027-31 के 'फ्यूचर टूर्स प्रोग्राम' (एफटीपी) का हिस्सा हो सकती है, जिसे अभी अंतिम रूप दिया जा रहा है।

हाल ही में बाली में हुई आईसीसी की तिमाही बैठकों में सभी 'फुल मेंबर्स' ने इन योजनाओं के विवरण पर चर्चा की। वेस्टइंडीज अगले साइकिल की शुरुआत जुलाई में भारत की मेजबानी के साथ करेगा। इस दौरे में सभी फॉर्मेट के मैच शामिल हो सकते हैं, जिसमें संभवतः दो टेस्ट, तीन वनडे और पांच टी20 मैच खेले जाएंगे।

इनमें से दो टी20 मैच उत्तरी अमेरिका में खेले जाने हैं, और दोनों मैच एक ही वेन्यू पर होंगे। वाशिंगटन डीसी और टोरंटो इसके लिए सबसे आगे चल रहे हैं, हालांकि 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में क्रिकेट के लिए तय वेन्यू 'पोमोना' और फ्लोरिडा का 'लॉडरहिल' भी विकल्पों में शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार, वेस्टइंडीज पिछले एक दशक से लॉडरहिल के ब्रोवार्ड काउंटी स्टेडियम में नियमित रूप से मुकाबलों की मेजबानी करता रहा है।

रिपोर्ट में कहा गया है, "क्रिकेट वेस्टइंडीज (सीडब्ल्यूआई) ने जीटी20 कनाडा के जरिए क्रिकेट कनाडा के साथ अपने रिश्ते मजबूत किए हैं। इसका उदाहरण हाल ही में संपन्न हुआ जीटी20 टूर्नामेंट है, जो पूरी तरह से सेंट विंसेंट और ग्रेनाडाइन्स में आयोजित किया गया था।"

भविष्य में वेस्टइंडीज के मैच ओकलैंड कोलिजीयम (जहां पिछले दो सीजन में एमएलसी के मैच हुए हैं) और वैंकूवर में भी खेले जा सकते हैं।

'क्रिकइन्फो' के अनुसार, सीडब्ल्यूआई के अध्यक्ष किशोर शैलो ने कहा, "उत्तरी अमेरिका में विस्तार करना वास्तव में हमारी रणनीति का हिस्सा है। मुझे लगता है कि यह हमारे और क्रिकेट, दोनों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। पिछले कुछ वर्षों में आईसीसी ने अमेरिका में निवेश किया है, वहां टी20 वर्ल्ड कप खेला गया है और अब ओलंपिक भी होने वाले हैं। यह हमारे लिए जरूरी है। अमेरिका और उत्तरी अमेरिकी बाजार में विस्तार करने और वहां के मौकों का फायदा उठाने में 'क्रिकेट वेस्टइंडीज' की अहम भूमिका हो सकती है, क्योंकि वहां कैरेबियाई और भारतीय मूल के लोग बड़ी संख्या में रहते हैं। यही वजह है कि हम वहां मुकाबलों की मेजबानी करने को लेकर बातचीत कर रहे हैं। उम्मीद है कि आईसीसी भी इस बाजार को मजबूत करने में मदद करेगा, क्योंकि यह खेल के विकास के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।"

2027 में भारत के खिलाफ होने वाले टी20 मैच इसी रणनीति का हिस्सा हैं।

फिलहाल वेस्टइंडीज की उत्तर अमेरिका में कोई ऐतिहासिक टेस्ट मैच आयोजित करने की योजना नहीं है। रिपोर्ट के अनुसार, अभी उनका मुख्य फोकस सीमित ओवरों के क्रिकेट, खासकर टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों पर है। अगले एफटीपी चक्र में वेस्टइंडीज के कई टेस्ट दौरे निर्धारित हैं, जिनमें अधिकांश सीरीज दो या तीन मुकाबलों की होने की उम्मीद है।

एफटीपी चक्र का सबसे बड़ा आकर्षण 2028 में वेस्टइंडीज का यूके दौरा होगा। इस दौरे पर एक टेस्ट मैच प्रतिष्ठित लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा, जो इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच पहले टेस्ट मैच के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जाएगा। जून 1928 में लॉर्ड्स में खेले गए उस मैच में वेस्टइंडीज को इंग्लैंड के हाथों एक पारी और 58 रनों से हार का सामना करना पड़ा था।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story