Samachar Nama
×

पैकेट वाले खाने पर लगेंगे खतरे के लाल निशान, वीडियो में जाने सुप्रीम कोर्ट का केंद्र और FSSAI को निर्देश

पैकेट वाले खाने पर लगेंगे खतरे के लाल निशान, वीडियो में जाने सुप्रीम कोर्ट का केंद्र और FSSAI को निर्देश

सुप्रीम कोर्ट ने पैकेट में मिलने वाले खाने-पीने के सामान को लेकर बड़ा निर्देश दिया है। अब जिन खाद्य पदार्थों में चीनी, नमक या फैट की मात्रा ज्यादा होगी, उनके पैकेट पर खतरे के निशान यानी वॉर्निंग सिंबल लगाने होंगे। इन निशानों के जरिए ग्राहकों को आसानी से पता चल सकेगा कि वे जो सामान खरीद रहे हैं, उसमें किस चीज की मात्रा अधिक है। कोर्ट ने केंद्र सरकार और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को इस दिशा में जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की बेंच ने यह निर्देश जारी किए। कोर्ट के मुताबिक, अधिक चीनी, नमक और फैट वाले खाद्य पदार्थों के पैकेट पर अलग-अलग लाल रंग के छह कोनों वाले निशान लगाने होंगे। प्रत्येक निशान पर संबंधित खाद्य तत्व की तस्वीर के साथ 'हाई शुगर', 'हाई सॉल्ट' या 'हाई फैट' लिखा होगा। इससे उपभोक्ताओं को उत्पाद खरीदने से पहले उसकी गुणवत्ता और उसमें मौजूद हानिकारक तत्वों के बारे में जानकारी मिल सकेगी।

तीन तरह के लाल वॉर्निंग सिंबल लगाने होंगे

सुप्रीम कोर्ट ने खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग पर स्पष्ट चेतावनी देने की बात कही है। इसके तहत तीन अलग-अलग तरह के निशान इस्तेमाल किए जाएंगे।

  • अधिक चीनी वाले उत्पाद पर 'हाई शुगर' लिखा होगा।

  • अधिक नमक वाले उत्पाद पर 'हाई सॉल्ट' लिखा होगा।

  • अधिक फैट वाले उत्पाद पर 'हाई फैट' लिखा होगा।

ये सभी निशान लाल रंग के छह कोनों वाले होंगे। इन पर संबंधित खाद्य तत्व की तस्वीर भी दिखाई जाएगी। इसका उद्देश्य पैकेट पर मौजूद पोषण संबंधी जानकारी को आम लोगों के लिए अधिक स्पष्ट बनाना है।

चीनी और फैट की मात्रा तय करने का आधार भी बताया

कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि चीनी और फैट की मात्रा का आकलन किस आधार पर किया जाना चाहिए। चीनी की मात्रा पता लगाने के लिए कुल शुगर को आधार बनाया जाएगा, जबकि फैट की मात्रा निर्धारित करने के लिए सैचुरेटेड फैट को देखा जाएगा।सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को वैज्ञानिक जांच और विशेषज्ञों की राय के आधार पर इन खाद्य तत्वों की निर्धारित सीमाओं की दोबारा समीक्षा करने का निर्देश दिया है। यानी किन उत्पादों को हाई शुगर, हाई सॉल्ट या हाई फैट की श्रेणी में रखा जाएगा, इसके लिए वैज्ञानिक मानकों के आधार पर सीमा तय करनी होगी।

जनहित याचिका पर आया फैसला

यह मामला '3S एंड आवर हेल्थ सोसाइटी' नाम के एक पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से दायर जनहित याचिका से जुड़ा है। ट्रस्ट ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर डिब्बाबंद और पैकेट वाले खाद्य पदार्थों पर अनिवार्य वॉर्निंग लेबल लगाने की मांग की थी।याचिकाकर्ता की ओर से एडवोकेट राजीव शंकर द्विवेदी ने पैवी की। सुप्रीम कोर्ट ने 28 सितंबर को इस मामले में अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। अब कोर्ट ने केंद्र सरकार और FSSAI को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।इस फैसले का उद्देश्य उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थों में मौजूद अधिक चीनी, नमक और फैट के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे सामान खरीदते समय उसकी पैकेजिंग पर चेतावनी देखकर बेहतर निर्णय ले सकें।

Share this story

Tags