रियासी पुलिस ने नशा तस्करों पर कसा शिकंजा, एसएमवीडी ट्रैक पर हेरोइन के साथ आरोपी गिरफ्तार
श्रीनगर, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर की रियासी पुलिस को शनिवार को नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने में एक बार फिर सफलता हाथ लगी है। एसएसपी रियासी श्री मुकुंद तिबरेवाल (आईपीएस) की निगरानी में चलाए जा रहे 'नशा मुक्त जम्मू और कश्मीर अभियान' के हिस्से के रूप में रियासी पुलिस जिले में नशे की बुराई के खिलाफ लगातार अपना अभियान चला रही है।
इसी क्रम में शनिवार को पुलिस पोस्ट बाणगंगा के अधिकार क्षेत्र के भीतर एसएमवीडी ट्रैक पर नाका चेकिंग और तलाशी ड्यूटी के लिए तैनात पुलिस टीम ने एक विशेष नाका स्थापित किया। इसी दौरान पुलिस टीम को लगभग सुबह 07:30 बजे चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति के ऊपर संदेह हुआ। संदेह के बुनियाद पर नाका टीम ने व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जिसकी पहचान जमीर सिंह, निवासी पनासा, तहसील ठकराकोट, जिला रियासी के रूप में हुई है।
पुलिस तलाशी में गिरफ्तार व्यक्ति के कब्जे से हेरोइन (चिट्टा) नामक अवैध नशीला पदार्थ बरामद हुआ। इसके बाद, पुलिस टीम द्वारा आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया गया और कानूनी प्रक्रिया के तहत प्रतिबंधित पदार्थ को जब्त कर लिया गया।
इस संबंध में पुलिस स्टेशन कटरा में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21/22 के तहत एफआईआर संख्या 113/2026 दर्ज की गई है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है। यह अभियान एसएचओ पुलिस स्टेशन कटरा, इंस्पेक्टर रणजीत सिंह राव के पर्यवेक्षण में तथा एसडीपीओ कटरा डॉ. भीष्म दुबे (जेकेपीएस) और एसपी कटरा श्री कामेश्वर पुरी (जेकेपीएस) की कड़ी निगरानी में चलाया गया।
मामले को लेकर रियासी पुलिस ने नशे की बुराई को जड़ से खत्म करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए आम लोगों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्रों में नशा तस्करी या मादक द्रव्यों के सेवन से संबंधित किसी भी जानकारी या गतिविधि की जानकारी होने पर तुरंत पुलिस को संपर्क करें और 'नशा मुक्त जम्मू और कश्मीर अभियान' में पुलिस के साथ सहयोग करें।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी

