Samachar Nama
×

रजा मुराद ने मां लियाकत जहां बेगम को किया याद, बोले- वे हिम्मत और कुर्बानी की मिसाल थीं

रजा मुराद ने मां लियाकत जहां बेगम को किया याद, बोले- वे हिम्मत और कुर्बानी की मिसाल थीं
रजा मुराद ने मां लियाकत जहां बेगम को किया याद, बोले- वे हिम्मत और कुर्बानी की मिसाल थीं

मुंबई, 12 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता रजा मुराद ने गुरुवार को अपनी मां लियाकत जहां बेगम की पुण्यतिथि पर उन्हें याद किया। अभिनेता ने मां के जाने को जीवन का बड़ा नुकसान बताया।

अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर अपने बचपन की तस्वीर पोस्ट की, जिसमें उनकी मां उन्हें गोद में लिए हुए हैं।

उन्होंने लिखा, "आज मेरी स्वर्गीय मां, लियाकत जहां बेगम की 19वीं पुण्यतिथि है। उनकी गोद में जो छोटा-सा बच्चा है, वो आपका दोस्त रजा मुराद है। मां को खोना बच्चे के लिए सबसे बड़ा नुकसान है। मेरी मां, हिम्मत, प्यार और कुर्बानी मिसाल थीं। उन्होंने तमाम मुश्किलों के बावजूद अपने चारों बच्चों को पाला-पोसा था।"

उन्होंने आगे लिखा, "वे हमारे घर की स्तंभ थीं। उन्होंने हमें समाज की हर बुराई से बचाया और हमें हौसला और हिम्मत दी।जब तक हमारी आखिरी सांस है, हम उन्हें हमेशा याद करेंगे। ऊपरवाला उनकी नेक रूह को जन्नत दे। आमीन।"

अभिनेता रजा मुराद की मां लियाकत जहां बेगम, दिग्गज अभिनेता हामिद अली मुराद (जिन्हें सिर्फ 'मुराद' के नाम से भी जाना जाता है) की पत्नी थीं। रजा मुराद उनके चार बच्चों में से एक थे और वह अपने माता-पिता की चौथी संतान थे (उनसे पहले तीन बेटियां थीं)।

रजा मुराद के अनुसार, जब उनके पिता को फिल्मों में काम मिलना बंद हो गया था, तब वो समय परिवार के लिए काफी मुश्किलों भरा था। लियाकत जहां बेगम ने बेहद कठिन परिस्थितियों, संघर्ष और त्याग के साथ अपने चारों बच्चों की परवरिश की और उन्हें अच्छी शिक्षा दिलाई।

रजा मुराद की बात करें, तो उन्होंने हिंदी सिनेमा में खलनायक के तौर पर अपना करियर स्थापित किया है। अभिनेता ने अपने करियर में 'बॉबी', 'प्रेम रोग', 'राम तेरी गंगा मैली', 'हिना', 'नमक हराम', 'राम लखन', और 'एक नजर' जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम किया है। उनकी दमदार आवाज और अभिनय की बारीकियां हर किरदार को जीवंत बना देती हैं। चाहे नकारात्मक किरदार हों या सहायक भूमिकाएं, रजा मुराद ने हर रोल में अपनी छाप छोड़ी। उनकी फिल्मों ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर सफलता हासिल की, बल्कि दर्शकों के दिलों में भी खास जगह बनाई।

--आईएएनए

एनएस/एएस

Share this story