रवनीत सिंह बिट्टू का पंजाब सरकार पर तंज, बोले- सीएम भगवंत मान ने एक भी वादा नहीं किया पूरा
धुरी, 26 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान अपने चुनावी वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रहे हैं और राज्य की जनता अब सरकार से निराश हो चुकी है।
रवनीत सिंह बिट्टू ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने चुनाव के दौरान महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपए देने का वादा किया था, लेकिन आज तक यह वादा पूरा नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि सरकार ने हर जिले में मेडिकल कॉलेज और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही थी, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई बड़ा बदलाव दिखाई नहीं दे रहा है।
बिट्टू ने कहा कि जब वह पहली बार धुरी पहुंचे थे, तब गांव के लोगों ने उन्हें रास्ते में रोककर अपनी समस्याएं बताई थीं। ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि उनके गांवों में पर्याप्त स्कूल शिक्षक नहीं हैं और कई जगहों पर बच्चों के लिए ठीक से कक्षाएं तक उपलब्ध नहीं हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी मुद्दों पर सरकार पूरी तरह असफल साबित हुई है।
उन्होंने दावा किया कि कई गांवों में लोग अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हुए हैं, जो इस बात का संकेत है कि पंजाब सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने पंजाब की व्यवस्था को कमजोर कर दिया है। आने वाले समय में जनता इसका जवाब देने के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि धुरी आम आदमी पार्टी का मजबूत गढ़ माना जाता है और भगवंत मान इसी क्षेत्र से विधायक चुने जाने के बाद मुख्यमंत्री बने। अब मुख्यमंत्री की राजनीतिक पकड़ कमजोर पड़ती दिखाई दे रही है और स्थानीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार मजबूती से उभर रहे हैं।
रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि अब राजनीति केवल हार-जीत तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि सरकार किसी भी कीमत पर अपने उम्मीदवारों को जिताने की कोशिश कर रही है।
--आईएएनएस
एसएके/डीकेपी

