रवींद्र जडेजा: श्रीलंका सीरीज में हो सकते हैं अहम, गेंद और बल्ले से रहा है प्रभावी प्रदर्शन
नई दिल्ली, 8 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए श्रीलंका दौरे पर है। टीम इंडिया में अधिकांश युवा खिलाड़ी हैं। विराट कोहली और रोहित शर्मा नहीं हैं। जसप्रीत बुमराह इंजरी की वजह से सीरीज से बाहर हो चुके हैं। साई सुदर्शन भी पहले टेस्ट से बाहर हैं, और रिपोर्ट के मुताबिक दूसरे टेस्ट में भी उनका खेलना संदिग्ध है। ऐसे में भारतीय टीम के लिए इस दौरे पर अनुभवी ऑल-राउंडर रवींद्र जडेजा बेहद अहम हो सकते हैं।
जडेजा का पूर्व में भी श्रीलंका के खिलाफ गेंद और बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन रहा है।
टेस्ट फॉर्मेट में नंबर वन ऑलराउंडर जडेजा ने श्रीलंका के खिलाफ 2017 से 2022 के बीच 7 टेस्ट मैच खेले हैं। 9 पारियों में इस दिग्गज खिलाड़ी ने 1 शतक और 1 अर्धशतक लगाते हुए 326 रन बनाए हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 175 रन रहा है। वहीं, गेंदबाजी में जडेजा श्रीलंकाई टीम के खिलाफ बेहद सफल रहे हैं और 33 विकेट ले चुके हैं। इस दौरान 2 बार उन्होंने एक पारी में 5 विकेट लेने की उपलब्धि हासिल की है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 41 रन देकर 5 विकेट रहा है।
जडेजा ने श्रीलंका में 2017 में 2 टेस्ट मैच खेले थे। 2 पारियों में 1 अर्धशतक लगाते हुए उन्होंने 85 रन बनाए थे। उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 70 है। वहीं, श्रीलंका में जडेजा ने अपनी गेंदबाजी का लोहा मनवाया है। 4 पारियों में उन्होंने 13 विकेट लिए हैं। एक बार पारी में 5 विकेट लिए हैं। 152 रन देकर 5 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
भारतीय टेस्ट टीम की रीढ़ जडेजा का टेस्ट करियर बेहतरीन रहा है। 37 साल के इस ऑलराउंडर ने 89 टेस्ट मैचों की 133 पारियों में 26 बार नाबाद रहते हुए 6 शतक और 28 अर्धशतक की मदद से 4,095 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 38.27 रहा है। उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 175 रन है। वहीं, गेंदबाजी में जडेजा 348 विकेट ले चुके हैं। एक पारी में 5 या उससे अधिक विकेट लेने की उपलब्धि वह 15 बार हासिल कर चुके हैं, जबकि एक मैच में 10 या उससे अधिक विकेट वह 3 बार ले चुके हैं।
जडेजा ने श्रीलंका इलेवन के खिलाफ अभ्यास मैच में ही 63 रन की पारी खेल और 2 विकेट लेकर यह संकेत दे दिया है कि अगले दो टेस्ट में वे विपक्षी टीम के लिए मुश्किल खड़ी करने वाले हैं।
--आईएएनएस
पीएके

