रविदास मेहरोत्रा ने सांसद जावेद अली के बयान से झाड़ा पल्ला, बोले-सपा सभी धर्मों का करती है सम्मान
लखनऊ, 15 जून (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ विधायक रविदास मेहरोत्रा ने पार्टी सांसद जावेद अली के विवादित बयान ‘बहुसंख्यक समाज जहरीला हो गया है’ से किनारा कर लिया है। उन्होंने कहा कि सपा सभी धर्मों और जातियों का सम्मान करती है। किसी भी वर्ग के साथ अन्याय या जुर्म होता है तो सपा उसके खिलाफ संघर्ष करती है।
लखनऊ में आईएएनएस से बात करते हुए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ विधायक रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि पार्टी लगातार पीडीए (पिछड़ा, दलित, और अल्पसंख्यक) समाज को उनका हक दिलाने के लिए संघर्ष कर रही है।
उन्होंने कहा, "भाजपा नफरत फैलाने का काम कर रही है। भाई से भाई को लड़वाने का काम कर रही है, जबकि समाजवादी पार्टी मोहब्बत का पैगाम फैलाती है और दिलों को जोड़ने का काम करती है। हिंदू-मुस्लिम एकता बनाए रखने के लिए सपा हर कुर्बानी देने को तैयार है।"
पीडीए समाज की बैठक को लेकर रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि इसमें सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं को जरूर बुलाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जुर्म के खिलाफ संघर्ष के समय सभी को एकजुट होकर लड़ना चाहिए।
एआईएमआईएम प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर तंज कसते हुए सपा विधायक ने उन्हें भाजपा की ‘बी-टीम’ बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा नफरत फैलाती है और एआईएमआईएम भी वही काम कर रही है। यूपी के विधानसभा चुनाव में दोनों मिलकर समाजवादी पार्टी को हराने की कोशिश करेंगे, लेकिन जनता जागरूक है औ यूपी के विधानसभा चुनाव में कोई वोट बंटने वाला नहीं है।
रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि ओवैसी जो बड़ी-बड़ी बात करते हैं, उनकी पार्टी को एक भी सीट नहीं मिलने वाली है।
2027 का विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए सपा विधायक ने दावा किया है कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। उन्होंने एक बार फिर अपनी बात दोहराते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी सभी वर्गों के हितों की रक्षा करती है और नफरत की राजनीति के खिलाफ मोहब्बत का संदेश दे रही है।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी

