Samachar Nama
×

'रवि किशन और कालीबाड़ी बाबा की फिल्म को कितने लोगों ने देखा?' सीएम योगी ने ली चुटकी

'रवि किशन और कालीबाड़ी बाबा की फिल्म को कितने लोगों ने देखा?' सीएम योगी ने ली चुटकी
'रवि किशन और कालीबाड़ी बाबा की फिल्म को कितने लोगों ने देखा?' सीएम योगी ने ली चुटकी

गोरखपुर, 11 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को जनपद गोरखपुर में करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 2-लेन मार्ग का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया। ग्रीन सिटी से माधोपुर बांध तक बने इस मार्ग के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास परियोजनाओं के जरिए अब बदलता हुआ गोरखपुर साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि कभी जिन रास्तों पर लोगों को चलने में भी परेशानी होती थी, जहां संकरे मार्ग और जलभराव बड़ी समस्या थे, वहां अब चौड़ी सड़कों, फोरलेन मार्गों और फ्लाईओवर का निर्माण हो रहा है। विकास के इन कार्यों का उद्देश्य लोगों के जीवन को सुगम बनाना और उन्हें बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के सांसद और अभिनेता रवि किशन की अपने चिर-परिचित अंदाज में चुटकी भी ली। उन्होंने कहा कि आज सांसद ने भाषण नहीं दिया। लगता है कि उन्होंने ज्यादा लोगों को भोज करा दिया है। इसके बाद मुख्यमंत्री ने मौजूद लोगों से पूछा कि कितने लोग रवि किशन के यहां भोज में गए थे।

सीएम योगी ने इसके बाद लोगों से पूछा कि कितने लोगों ने रवि किशन की फिल्म देखी है और कितने लोगों ने 'कालीबाड़ी बाबा' की फिल्म देखी है। लोगों की प्रतिक्रिया के बाद मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए कहा कि दोनों में बराबरी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस सड़क के बनने से क्षेत्र के लोगों को सोनौली, महाराजगंज और अन्य इलाकों की ओर जाने के लिए गोरखपुर शहर के अंदर से गुजरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे शहर के भीतर यातायात का दबाव भी कम होगा।

उन्होंने कहा कि राजघाट पुल के पास ट्रांसपोर्ट नगर से माधोपुर तक फोरलेन सड़क का निर्माण भी चल रहा है। डोमिनगढ़ में फ्लाईओवर प्रस्तावित है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद लखनऊ की ओर जाने वाले लोगों को शहर के भीतरी हिस्सों से होकर गुजरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वे फोरलेन बाईपास के जरिए सीधे लखनऊ की ओर जा सकेंगे। इसी तरह सोनौली और नेपाल की ओर जाने वाले यात्रियों को भी सुगम कनेक्टिविटी मिलेगी।

सीएम योगी ने कहा कि गोरखपुर में सड़क नेटवर्क को लगातार मजबूत किया जा रहा है। शहर के विभिन्न हिस्सों को चार लेन की सड़कों से जोड़ा जा रहा है और कई फ्लाईओवर बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि कई पर काम जारी है। इन परियोजनाओं का सीधा लाभ आम नागरिकों को मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ समय में गोरखपुर में सड़क से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाएं पूरी हुई हैं। एक महीने के भीतर सड़क क्षेत्र से जुड़ी यह तीसरी बड़ी परियोजना है, जिसे जनता को समर्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर अब केवल विकास की योजनाएं नहीं देख रहा, बल्कि उन योजनाओं का असर जमीन पर भी दिखाई दे रहा है।

जनसभा से पहले मुख्यमंत्री गोरखपुर-सोनौली मार्ग स्थित ग्रीन सिटी मोड़ के पास पहुंचे। यहां उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर नवनिर्मित सड़क का लोकार्पण किया और शिलापट्ट का अनावरण किया।

--आईएएनएस

विकेटी/एसके

Share this story