रवि बिश्नोई : क्रिकेट की खातिर छोड़े बोर्ड एग्जाम, भारत को बनाया अंडर 19 चैंपियन, डेब्यू मैच में बने 'प्लेयर ऑफ द मैच'
नई दिल्ली, 4 सितंबर (आईएएनएस)। टीम इंडिया के स्पिन गेंदबाज रवि बिश्नोई अपनी घूमती गेंदों के दम पर विश्व क्रिकेट में पहचान बना चुके हैं। हालांकि, एक समय ऐसा भी था, जब ट्रायल्स के दौरान बिश्नोई को दो बार नाकामी हाथ लगी थी। हालांकि, इसके बावजूद उन्होंने अपनी काबिलियत पर भरोसा रखा और राजस्थान की गलियों से निकलकर भारतीय टीम में जगह बनाई।
रवि बिश्नोई का जन्म 5 सितंबर, 2000 को राजस्थान के जोधपुर जिले के बिरमी गांव में हुआ। रवि को शुरुआत से ही क्रिकेट से खास लगाव था। जल्द ही उन्होंने इस खेल में अपना करियर बनाने का फैसला किया।
हालांकि, सुविधाओं के अभाव के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मगर वह दिन-रात मेहनत करते रहे। क्लब स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करने के बाद बिश्नोई अंडर 16 और बाद में अंडर 19 का ट्रायल देने पहुंचे, लेकिन उन्हें दोनों ही जगह से नाकामी हाथ लगी। अंडर 19 के लिए ट्रायल्स में तो बिश्नोई को दो बार रिजेक्ट किया गया। हालांकि, उन्होंने हिम्मत नहीं हारी।
बिश्नोई जब 12वीं कक्षा में थे, तो उन्हें राजस्थान रॉयल्स ने नेट गेंदबाज के तौर पर चुना। वह अपने बोर्ड एग्जाम देने चाहते थे, लेकिन कोच के समझाने के बाद उन्होंने अपनी परीक्षा नहीं देने का फैसला किया। यह फैसला बिश्नोई के लिए वरदान साबित हुआ।
राजस्थान रॉयल्स के खेमे में बिश्नोई अपनी घूमती गेंदों से हर किसी को प्रभावित करने में सफल रहे। 2019-20 में हुए अंडर 19 विश्व कप में बिश्नोई की गुगली बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहेली साबित हुई और वह टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। उन्होंने 6 मैचों में 17 विकेट चटकाए और टीम इंडिया को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई।
साल 2020 में रवि बिश्नोई ने अपना आईपीएल डेब्यू पंजाब किंग्स की तरफ से किया। आईपीएल में लगातार अच्छे प्रदर्शन के चलते साल 2022 में उन्हें भारतीय टी20 टीम में शामिल किया गया। इंटरनेशनल डेब्यू में ही बिश्नोई ने अपना जलवा बिखेरा और 4 ओवर में 17 रन देकर 2 विकेट निकाले। उन्हें दमदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
बिश्नोई भारत की ओर से अब तक 49 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुके हैं और इस दौरान उन्होंने 67 विकेट चटकाए हैं। वहीं, भारत की ओर से खेले इकलौते वनडे मैच में उन्होंने एक विकेट निकाला है।
--आईएएनएस
एसएम/एबीएम

