Samachar Nama
×

'रावण को किया गया महिमामंडित', नई रामायण देखकर सुनील लहरी ने गिनाईं कमियां

'रावण को किया गया महिमामंडित', नई रामायण देखकर सुनील लहरी ने गिनाईं कमियां
'रावण को किया गया महिमामंडित', नई रामायण देखकर सुनील लहरी ने गिनाईं कमियां

मुंबई, 11 नवंबर (आईएएनएस)। रामानंद सागर की रामायण में लक्ष्मण का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता सुनील लहरी ने हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'रामायण' पर प्रतिक्रिया दी। अभिनेता का कहना है कि फिल्म भक्ति और दिव्यता को दिखाने में पीछे रह गई, जो इस महाकाव्य से जुड़ी हुई है।

सुनील ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने फिल्म देखने के अपने अनुभव के बारे में बताया।

उन्होंने इसे कड़वा-मीठा अनुभव बताते हुए कहा कि फिल्म देखने में भले ही शानदार लगे, लेकिन मेकर्स को कुछ जरूरी सीन और डायलॉग पर और ज्यादा ध्यान देना चाहिए था। वीडियो में वे कहते हैं, "हाल ही में मुझे फिल्म 'रामायण' देखने का मौका मिला। यह बड़े बजट पर बनी एक भव्य फिल्म है और इसके विजुअल इफेक्ट्स सच में वर्ल्ड क्लास हैं। सिनेमैटोग्राफी बेहद खूबसूरत और देखने में आकर्षक है। सभी एक्टर्स ने अपने-अपने किरदारों को बहुत ही अच्छे तरीके से निभाया है और अपने रोल को पूरी ईमानदारी और लगन के साथ निभाया है। फिल्म में कई बेहतरीन सीन हैं।"

अभिनेता सुनील लहरी का कहना है कि फिल्म में इमोशनल सीन और डायलॉग्स को और भी बेहतर तरीके से दिखाया जा सकता था। उन्होंने अहिल्या वाले एपिसोड के नहीं होने का भी जिक्र किया और कहा कि उन्हें परशुराम वाला सीन काफी कमजोर लगा।

सुनील ने कहा, "मुझे परशुराम वाला सीन काफी कमजोर लगा। अहिल्या वाला एपिसोड तो है ही नहीं। इसी तरह, शूर्पणखा जिस तरह से भगवान राम से बात करती है, वो मुझे पसंद नहीं आया। सीता जी जिस तरह से भगवान राम को संबोधित करती हैं, वह भी मुझे सही नहीं लगा। कई और भी सीन हैं, जो मुझे कमजोर लगे और जिनमें वह भक्ति और दिव्यता नहीं थी, जो रामायण की कहानी के अहम हिस्से हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "फिल्म में भक्ति से ज्यादा भव्यता पर ध्यान दिया गया है। यह भक्ति-प्रधान से ज्यादा शक्ति-प्रधान है। मैं आप सभी से कहूंगा कि फिल्म देखें और अपने विचार साझा करें। आज भाई दूज का शुभ अवसर है। यह एक खास त्योहार है, जब इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाती हैं और उनकी लंबी उम्र, खुशी, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करती हैं।"

वीडियो शेयर करते हुए सुनील लहरी ने लिखा, "नई रामायण देखी। यह एक कड़वा-मीठा अनुभव था। इसमें दिव्यता या भक्ति का कोई भाव नहीं था। कई अहम सीन गायब हैं और कई सीन के डायलॉग में वो गरिमा नहीं है, जो ऐसी फिल्म में होनी चाहिए। रावण को काफी ज्यादा महिमामंडित किया गया है। नई रामायण देखी, मिला-जुला अनुभव रहा, दिव्यता नजर नहीं आई।"

--आईएएनएस

एनएस/एएस

Share this story