राष्ट्रीय शूटर दमयंती सेन 48 घंटे बाद घर लौटीं, लापता होने की वजह तलाश रही पुलिस
कोलकाता, 18 जुलाई (आईएएनएस)। पिछले 48 घंटों से लापता पश्चिम बंगाल की राष्ट्रीय स्तर की शूटर दमयंती सेन शनिवार सुबह सुरक्षित अपने घर लौट आईं। हालांकि, उनके दो दिनों तक लापता रहने की वजह अब भी रहस्य बनी हुई है। परिवार और जांच एजेंसियों की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, दमयंती सेन गुरुवार दोपहर अपने घर से कुछ घरेलू सामान खरीदने के लिए निकली थीं। उनके पास उस समय मोबाइल फोन भी था, लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटीं। काफी देर तक संपर्क न होने पर परिवार ने उनकी गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद उन्हें तलाशने के लिए विशेष जांच शुरू की गई।
शनिवार सुबह हावड़ा जिले के रामकृष्णपुर फेरी जेटी के पास सुबह टहलने वाले कुछ लोगों ने दमयंती को बिना किसी स्पष्ट उद्देश्य के घूमते हुए देखा। लोगों ने उन्हें पहचान लिया और तुरंत उनके परिवार को सूचना दी। इसके बाद उनके पिता ध्रुवज्योति सेन मौके पर पहुंचे और बेटी को सुरक्षित घर ले आए।
दमयंती के लापता रहने के दौरान उन्हें दो अलग-अलग स्थानों पर देखा गया था। सबसे पहले गुरुवार को हावड़ा रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में वह प्लेटफॉर्म नंबर चार और पांच के बीच घूमती हुई नजर आई थीं। इसके बाद शुक्रवार को हुगली जिले के सेरामपुर में आयोजित प्रसिद्ध महेश रथ यात्रा के दौरान भी उन्हें देखा गया। यह सूचना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई, जिसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश के लिए चार अलग-अलग टीमों को सक्रिय कर दिया।
दमयंती हाल ही में राष्ट्रीय टीम के ट्रायल्स के लिए चयनित हुई थीं और उन्हें उभरती हुई प्रतिभाशाली निशानेबाजों में गिना जाता है। फिलहाल पुलिस द्वारा गठित विशेष जांच दल पूरे मामले की जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।
--आईएएनएस
पीएके

