Samachar Nama
×

रास लाफान हादसे में भारतीयों की मौत पर पीएम मोदी ने जताई संवेदना, कतर के अमीर से की बात

नई दिल्ली, 23 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कतर के रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी में हुए दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। साथ ही कतर के अमीर की संवेदनाओं के लिए आभार जताया।
रास लाफान हादसे में भारतीयों की मौत पर पीएम मोदी ने जताई संवेदना, कतर के अमीर से की बात

नई दिल्ली, 23 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कतर के रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी में हुए दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। साथ ही कतर के अमीर की संवेदनाओं के ल‍िए आभार जताया।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और कतर इस त्रासदी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं तथा दोनों देश अपने नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, ''मैं कतर के अमीर का आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने फोन करके कतर के रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी में हुए दुखद हादसे में भारतीय नागरिकों की मौत पर शोक व्यक्त किया। हम दोनों उन परिवारों के दुख में सहभागी हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। साथ ही हम घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।''

प्रधानमंत्री ने कहा क‍ि भारत और कतर अपने नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और इस कठिन समय में एक-दूसरे के साथ मजबूती से खड़े हैं।

रविवार रात हुए रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी हादसे में 12 भारतीय नागरिकों की दुर्भाग्यपूर्ण मौत हो गई है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह घटना एक तकनीकी खराबी के कारण हुई एक औद्योगिक दुर्घटना थी।

भारत ने दुर्घटना पर गहरा शोक जताते हुए कहा कि स्थानीय अधिकारियों के सहयोग से पार्थिव शरीर को वापस लाने का प्रयास किया जा रहा है।

मंगलवार को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा क‍ि 12 भारतीय नागरिकों की मौत बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। इस हादसे में कई अन्य देशों के लोगों की भी मौत हुई, लेकिन रास लाफान में हुए धमाके में हमारे देश के 12 लोगों की जान चली गई। कई अन्य लोग घायल भी हुए हैं।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "रास लाफान में हुए विस्फोट में भारतीय नागरिकों सहित कई लोगों की मौत और घायल होने की खबर से अत्यंत दुखी हूं।"

--आईएएनएस

एवाई/एबीएम

Share this story

Tags