Samachar Nama
×

रणजी ट्रॉफी: सिराज की कप्तानी में हैदराबाद ने दर्ज की धमाकेदार जीत, मुंबई और उत्तर प्रदेश ने भी मारी बाजी

रणजी ट्रॉफी: सिराज की कप्तानी में हैदराबाद ने दर्ज की धमाकेदार जीत, मुंबई और उत्तर प्रदेश ने भी मारी बाजी
रणजी ट्रॉफी: सिराज की कप्तानी में हैदराबाद ने दर्ज की धमाकेदार जीत, मुंबई और उत्तर प्रदेश ने भी मारी बाजी

नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने रणजी ट्रॉफी में ग्रुप बी के शुरुआती मैच में हैदराबाद को त्रिपुरा पर बड़ी जीत दिलाई। वहीं, उत्तर प्रदेश और मुंबई ने भी अपने-अपने मैचों में तीन दिन के अंदर बड़ी जीत हासिल की।

सिराज को शुरुआती दो मैचों के लिए हैदराबाद का कप्तान बनाया गया था। उन्होंने हैदराबाद के जिमखाना ग्राउंड पर टीम को एक पारी और 40 रन से शानदार जीत दिलाने में मदद की। सिराज ने दूसरी पारी में दो विकेट लिए, जबकि बाएं हाथ के स्पिनर तनाय त्यागराजन ने छह विकेट लेकर त्रिपुरा की टीम को 120 रन पर समेट दिया। रूथिक यादव मेंडे और अभिराथ रेड्डी ने भी एक-एक विकेट लिया।

गेंदबाजी में तनाय मैच के स्टार रहे। उन्होंने मैच में कुल 9 विकेट लिए, जिसमें पहली पारी के तीन विकेट भी शामिल थे। उनके साथी बाएं हाथ के स्पिनर अनिकेत रेड्डी ने पहली पारी में पांच विकेट लिए, जिससे त्रिपुरा की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 134 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में हैदराबाद के बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया। टीम को टॉप ऑर्डर और फिर निचले मध्यक्रम से अहम योगदान मिला।

ओपनर तन्मय अग्रवाल ने 54 रन बनाए, जबकि दूसरे ओपनर अभिराथ ने 32 रन बनाए। नंबर 3 पर आए गहलोत राहुल सिंह (5), प्रज्ञय रेड्डी (0) और कोडिमेला हिमातेजा (18) जल्दी आउट हो गए, लेकिन निचले क्रम के बल्लेबाजों ने टीम को संभाला। नंबर 6 पर आए रूथिक ने 150 गेंदों में 61 रन बनाए, जबकि नंबर 7 पर आए राहुल रादेश ने 119 गेंदों में 40 रन बनाए। वहीं, चामा वी मिलिंद ने 55 गेंदों में 40 रन बनाकर टीम का स्कोर 294 तक पहुंचाया, जो जीत के लिए काफी साबित हुआ।

उत्तर प्रदेश और मुंबई ने भी बड़ी जीत हासिल की। आर्यन जुयाल की कप्तानी वाली उत्तर प्रदेश टीम ने राजगीर इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में ग्रुप ए के मैच में बिहार को एक पारी और 267 रनों से हराया। उत्तर प्रदेश की टीम ने पहली पारी में 540 रन बनाए। उत्तर प्रदेश की तरफ से माधव कौशिक (150) और रिंकू सिंह (112) ने शानदार शतक लगाए, जबकि आराध्य यादव (84) और जीशान अंसारी (58) ने अर्धशतक जड़े।

जवाब में साकिबुल गनी की बिहार टीम 141 रनों पर ऑलआउट हो गई। ओपनर मंगल महरौर ने सबसे अधिक 25 रन बनाए। कार्तिक यादव और करण शर्मा ने मिलकर आठ विकेट लिए - दोनों ने चार-चार विकेट चटकाए। उत्तर प्रदेश ने बिहार को फॉलोऑन दिया और मेजबान टीम दूसरी पारी में भी कुछ खास नहीं कर पाई। जीशान अंसारी ने चार विकेट लिए, जबकि करण और कार्तिक ने क्रमशः तीन और दो विकेट चटकाए, जिससे बिहार की टीम 132 रनों पर सिमट गई और उत्तर प्रदेश ने बड़ी जीत हासिल की।

मुंबई ने भी वानखेड़े स्टेडियम में ग्रुप डी के मैच में चंडीगढ़ को एक पारी और 155 रनों से आसानी से हरा दिया। मुंबई को सिर्फ एक बार बल्लेबाजी करनी पड़ी और टीम ने पहली पारी में 429 रन बनाए, जिसमें कई खिलाड़ियों का योगदान रहा। कप्तान सिद्धेश लाड ने 86 रन बनाए, जबकि मुशीर खान (65), तनुष कोटियन (58) और मोहित अवस्थी (56) ने भी अर्धशतक जड़े। चंडीगढ़ के लिए राज बावा और रोहित ढांडा ने चार-चार विकेट लिए।

मुंबई के लिए तुषार देशपांडे ने गेंदबाजी में कमाल दिखाया। उन्होंने हैट्रिक ली और फिर पांच विकेट चटकाए, जिससे मुंबई ने चंडीगढ़ को सिर्फ 78 रनों पर ऑलआउट कर दिया। मेहमान टीम को फॉलोऑन दिया गया और उन्होंने संघर्ष तो किया, लेकिन पूरी टीम 196 रनों पर सिमट गई। शम्स मुलानी और तनिष कोटियन ने तीन-तीन विकेट लिए और तुषार ने दो और विकेट चटकाए। ओपनर अर्जुन आजाद ने 62 और शिवम भाम्बरी ने 44 रन बनाए, लेकिन चंडीगढ़ की हार को टालने के लिए यह काफी साबित नहीं थे।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी

Share this story