Samachar Nama
×

असम: रंगिया नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा, दो युवकों की मौके पर मौत

असम: रंगिया नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा, दो युवकों की मौके पर मौत
असम: रंगिया नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा, दो युवकों की मौके पर मौत

दिसपुर, 11 अगस्त (आईएएनएस)। असम के रंगिया नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक हादसा हुआ है, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई है। यह हादसा मंगलवार को रंगिया में नेशनल हाईवे-27 पर बाला बोंगगांव के पास हुआ, जब उनकी गाड़ी एक पेड़ से टकरा गई।

मृतकों की पहचान बोंगईगांव के निहार डे (21 वर्ष) और देबब्रत कुंडू (21 वर्ष) के रूप पर हुई है। घटना को लेकर रंगिया ट्रैफिक पुलिस इंस्पेक्टर भाबेश कलिता के अनुसार, नेशनल हाईवे-27 पर बाला बोंगगांव के पास नींद आने के कारण ड्राइवर की गाड़ी पेड़ से टकरा गई, जिससे दो युवकों की मौत हो गई।

मंगलवार तड़के हुए इस दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना तब हुई जब गुवाहाटी की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे लगे एक पेड़ से जोरदार तरीके से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी पूरी तरह चकनाचूर हो गई।

स्थानीय लोगों को पीड़ितों को गाड़ी से बाहर निकालने के लिए कार के दरवाजे तोड़ने पड़े, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो गई थी। स्थानीय लोगों को शक है कि गाड़ी चलाते समय ड्राइवर को नींद आ गई होगी, जिससे गाड़ी से नियंत्रण हट गया। घटना की सूचना मिलने पर रंगिया पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, शवों को बरामद किया और उन्हें अस्पताल ले गई। पुलिस दुर्घटना के सही कारण का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। वहीं, शवों को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया गया है।

सड़क हादसे का एक दूसरा मामला मंगलवार को महाराष्ट्र के सतारा जिले से सामने आया, जहां जिले में स्थित शिरवल की सीमा में पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर सोमवार और मंगलवार की मध्यरात्रि करीब एक तेज रफ्तार कार को ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में चार युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक, मावल तालुका के कामशेत, तालेगांव दाभाड़े और आस-पास के इलाकों के छह युवक एक नेक्सन कार में जा रहे थे। शिरवल में कार की एक ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में वेदांत अर्जुन वारिंगे (19), सोनलिंग धीरेंद्र ठाकुर (19), आदित्य बालासाहेब गरुड़ (19) और निखिल बालू राउत (20) की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं, दीक्षित दयानंद पुजारी (20) और मयूर हनुमंत शिंदे (20) दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही शिरवल पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचा कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, शिरवल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच कर रही है।

--आईएएनएस

डीके/पीएम

Share this story

Tags