Samachar Nama
×

रांची : आरपीएफ जवान का सिर कटा शव बरामद, तीन दिन पहले हुई थी पोस्टिंग

रांची, 18 जून (आईएएनएस)। राजधानी रांची के नामकुम रेलवे स्टेशन के समीप गुरुवार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एक जवान का सिर कटा शव बरामद किया गया। जवान का शव रेलवे ट्रैक के पास क्षत-विक्षत अवस्था में मिला।
रांची : आरपीएफ जवान का सिर कटा शव बरामद, तीन दिन पहले हुई थी पोस्टिंग

रांची, 18 जून (आईएएनएस)। राजधानी रांची के नामकुम रेलवे स्टेशन के समीप गुरुवार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एक जवान का सिर कटा शव बरामद किया गया। जवान का शव रेलवे ट्रैक के पास क्षत-विक्षत अवस्था में मिला।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसकी मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। यह दुर्घटना है या आत्महत्या, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। मृतक की पहचान आरपीएफ जवान राकेश कुमार मिश्रा के रूप में हुई है। वह हाल ही में नामकुम रेलवे स्टेशन पर पदस्थापित किए गए थे।

बताया गया है कि उनकी पोस्टिंग यहां महज तीन दिन पहले सुईसा से की गई थी। घटना के समय वह ड्यूटी पर थे। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, राकेश कुमार मिश्रा की नाइट शिफ्ट रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक नामकुम स्टेशन पर निर्धारित थी। गुरुवार सुबह करीब चार से पांच बजे के बीच स्टेशन के समीप उनका शव मिलने की सूचना मिली। शव के पास उनका बैग भी बरामद किया गया है।

सूचना मिलने के बाद आरपीएफ और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। रेलवे पुलिस घटनास्थल के आसपास के साक्ष्यों के साथ-साथ जवान की ड्यूटी और गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है।

रेल मंडल सुरक्षा आयुक्त ने बताया कि उन्हें जवान के रनओवर होने की सूचना मिली है। मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। उनके परिवार के सदस्य बिहार के बेगूसराय और समस्तीपुर में रहते हैं। परिजन रांची पहुंच रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जवान की मौत दुर्घटना के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।

--आईएएनएस

एसएनसी/एसके

Share this story

Tags