रांचीः प्रेमिका को दूसरे युवक के साथ देखा तो गला घोंटकर की हत्या, वारदात का खुलासा
रांची, 5 जुलाई (आईएएनएस)। रांची जिले के दशमफॉल थाना क्षेत्र से 23 जून को बरामद युवती के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्या के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपनी प्रेमिका को दूसरे युवक के साथ देखकर ईर्ष्या और गुस्से में उसकी दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी थी।
रांची के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने रविवार को बताया कि तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर मृतका की पहचान खूंटी जिले के अड़की थाना क्षेत्र के बरिगड़ा गांव निवासी 18 वर्षीय हिस्सी कुमारी के रूप में हुई। मामले में 18 वर्षीय चेतन मुंडा को गिरफ्तार किया गया है। उसकी निशानदेही पर मृतका का मोबाइल फोन और आरोपी का मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार जांच में पता चला कि चेतन मुंडा और हिस्सी कुमारी के बीच प्रेम संबंध था। घटना वाले दिन आरोपी ने युवती को किसी अन्य युवक के साथ देखा। इससे वह आक्रोशित हो गया और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद के दौरान उसने युवती के दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी मृतका का मोबाइल अपने साथ लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए गठित टीम ने घटनास्थल से मिले तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल फोन के विश्लेषण और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई सूचनाओं के आधार पर आरोपी की पहचान की। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया। मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना में किसी अन्य व्यक्ति की कोई भूमिका थी या नहीं।
--आईएएनएस
एसएनसी/पीएम

