रांची में युवती से गैंगरेप मामले में आठ गिरफ्तार, एक नाबालिग भी हिरासत में
रांची, 7 जून (आईएएनएस)। रांची के मांडर थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।
खलारी के डीएसपी राम नारायण चौधरी ने रविवार को बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने विशेष टीम गठित कर शनिवार देर रात से रविवार तक विभिन्न स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मामले में अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया है कि वह पिछले करीब दो वर्षों से एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। युवक लगभग डेढ़ माह पूर्व काम के सिलसिले में केरल चला गया था और उसके बाद से युवती उसके घर में रह रही थी।
शिकायत के मुताबिक, शुक्रवार शाम कुछ युवक उसे जबरन अपने साथ ले गए और एक सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि उसे पूरी रात बंधक बनाकर रखा गया और शनिवार सुबह छोड़ा गया। इसके बाद वह अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
पीड़िता के पिता की शिकायत पर मांडर थाना में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि केरल में रह रहा युवती का लिव इन पार्टनर क भी जांच के दायरे में है। पुलिस को आशंका है कि उसने कुछ स्थानीय युवकों को वारदात के लिए उकसाया है।
हालांकि अधिकारियों ने कहा है कि इस संबंध में अभी जांच जारी है और डिजिटल साक्ष्यों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड तथा अन्य तकनीकी प्रमाणों का विश्लेषण किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कुछ अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता के संकेत मिले हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीकेपी

