रांची में युवाओं के दो गुटों के बीच हिंसक टकराव, पत्थरबाजी और फायरिंग से दहशत
रांची, 26 मार्च (आईएएनएस)। रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र में गुरुवार को युवाओं के दो गुटों के बीच मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। बैंक कॉलोनी इलाके में क्रिकेट खेलने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा दो गुटों के बीच जमकर मारपीट और पत्थरबाजी में बदल गया, जिसके बाद कुछ लोगों द्वारा हवाई फायरिंग की घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दो गुटों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही टकराव में बदल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में युवक आमने-सामने आ गए और दोनों ओर से जमकर पत्थर चले। इसी दौरान कुछ लोगों ने हथियार निकाल लिए और फायरिंग शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि करीब छह राउंड गोलियां चलाई गईं, हालांकि पुलिस ने दो राउंड फायरिंग की पुष्टि की है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। बैंक कॉलोनी के निवासियों ने तत्काल पुलिस को जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के ग्रामीण एसपी, सिटी एसपी और कोतवाली डीएसपी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके को घेरकर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की और सर्च अभियान चलाया।
पुलिस कार्रवाई के दौरान आधा दर्जन से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल से कई खाली खोखे भी बरामद किए गए हैं, जिससे फायरिंग की पुष्टि हुई है। रांची सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि बुधवार को भी दोनों गुटों के बीच विवाद हुआ था, जो मारपीट तक पहुंच गया था। उसी विवाद में गुरुवार को फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और स्थिति हिंसक हो गई।
उन्होंने कहा कि पत्थरबाजी और मारपीट में कुछ लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और हिंसा में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीएससी

