Samachar Nama
×

रांची में युवक की हत्या के विरोध में सड़क पर उतरे लोग, दो आरोपी गिरफ्तार

रांची, 4 जून (आईएएनएस)। रांची के रातू थाना क्षेत्र में युवक रोहित मिर्धा की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या की वारदात के खिलाफ गुरुवार को स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मखमंदरो चौक को जाम कर प्रदर्शन किया।
रांची में युवक की हत्या के विरोध में सड़क पर उतरे लोग, दो आरोपी गिरफ्तार

रांची, 4 जून (आईएएनएस)। रांची के रातू थाना क्षेत्र में युवक रोहित मिर्धा की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या की वारदात के खिलाफ गुरुवार को स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मखमंदरो चौक को जाम कर प्रदर्शन किया।

इस दौरान लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध जताया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस अधिकारियों द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद स्थिति सामान्य हुई।

इस बीच पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी इंद्रजीत साहू और विकास साहू को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के तीसरे नामजद आरोपी संतोष साहू की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

बता दें कि रातू थाना क्षेत्र के लहना गांव में बुधवार को 25 वर्षीय रोहित मिर्धा की कथित तौर पर भीड़ द्वारा पिटाई की गई थी। गंभीर रूप से घायल रोहित को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां रात में उसकी मौत हो गई।

मृतक भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष कमलेश राम का भांजा था। मृतक के पिता उदित मिर्धा की शिकायत पर रातू थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में इंद्रजीत साहू, संतोष साहू, विकास साहू समेत 10 से 15 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गांव में रोहित के साथ मारपीट की गई और बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। दूसरी ओर, आरोपी इंद्रजीत साहू की पत्नी शारदा देवी ने भी पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया है कि रोहित मिर्धा ने उनके साथ कथित रूप से छेड़खानी और अभद्र व्यवहार किया था, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर जुटे और उसकी पिटाई कर दी।

मृतक के पिता ने छेड़खानी के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि उनके पुत्र को साजिश के तहत निशाना बनाया गया। उन्होंने गांव में पहले से चल रहे जमीन विवाद का भी जिक्र किया है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी

Share this story

Tags