Samachar Nama
×

रांची में वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने रचा इतिहास, टी20 इंटरनेशनल में चेज किया अपना सबसे बड़ा लक्ष्य

रांची में वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने रचा इतिहास, टी20 इंटरनेशनल में चेज किया अपना सबसे बड़ा लक्ष्य
रांची में वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने रचा इतिहास, टी20 इंटरनेशनल में चेज किया अपना सबसे बड़ा लक्ष्य

रांची, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज ने बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन के बूते रांची के जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में इतिहास रच दिया। दूसरे टी20 मुकाबले में भारत से मिले 250 रनों के लक्ष्य को वेस्टइंडीज ने 9 गेंद शेष रहते हुए 4 विकेट खोकर हासिल किया। यह वेस्टइंडीज का टी20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ा रन चेज है।

इसके साथ ही यह वेस्टइंडीज का भारत के खिलाफ भी टी20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ा रन चेज है। क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट के इतिहास का यह दूसरा सबसे बड़ा रन चेज भी है। लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की शुरुआत बेहद खराब रही। कामिल पूरन महज 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जबकि शिमरोन हेटमायर को मयंक यादव ने पहली ही गेंद पर बोल्ड कर दिया। रोवमैन पॉवेल ने 13 गेंदों में 24 रन बनाए, लेकिन वह भी मयंक का तीसरा शिकार बने। 58 रन तक तीन विकेट गंवाने के बाद टीम दबाव में थी।

इसके बाद कप्तान शाई होप और शेरफेन रदरफोर्ड ने पारी को संभालते हुए शानदार बल्लेबाजी की। दोनों ने चौथे विकेट के लिए सिर्फ 54 गेंदों में 120 रन जोड़कर मैच का रुख बदल दिया। रदरफोर्ड ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए 37 गेंदों पर 84 रन बनाए, जिसमें सात चौके और सात छक्के शामिल रहे।

रदरफोर्ड के आउट होने के बाद भी होप ने अपनी लय बरकरार रखी और रोमारियो शेफर्ड के साथ मिलकर जीत की राह आसान कर दी। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 26 गेंदों में अटूट 74 रनों की साझेदारी निभाई। होप ने 45 गेंदों में नाबाद 102 रन की कप्तानी पारी खेली, जबकि शेफर्ड ने 13 गेंदों पर 34 रन बनाकर टीम को जीत दिलाकर लौटे।

इससे पहले, भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 249 रन स्कोरोर्ड पर लगाए। टीम की ओर से संजू सैमसन ने 41 गेंदों का सामना करते हुए 82 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 9 चौके और 4 छक्के लगाए। वहीं, ईशान किशन ने 22 गेंदों में 43 रन बनाए। अंत के ओवरों में कप्तान श्रेयस अय्यर ने 18 गेंदों में 40 रन बनाए, तो तिलक वर्मा ने 3 चौके और तीन छक्कों की मदद से 44 रन बनाए।

--आईएएनएस

एसएम/

Share this story