रांची में विधायक के बेटे के अपहरण-मारपीट मामले में पांच आरोपी कोलकाता से गिरफ्तार
रांची, 13 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड के चतरा विधानसभा क्षेत्र से लोक जनशक्ति पार्टी के विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरभ कुमार के अपहरण और मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को कोलकाता से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान रौनक सिंह राजपूत, प्रकाश गुप्ता, आयुष कुमार, प्रीतम और ज्ञानदीप के रूप में हुई है। घटना 7 सितंबर की है। विधायक के पुत्र के अपहरण की सूचना के दो घंटे के भीतर पुलिस ने उसे सकुशल बरामद कर लिया था। इस संबंध में पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार सौरभ कुमार रांची में एमिटी यूनिवर्सिटी के गेट के पास अपने दोस्तों अमरदीप दुबे, अनमोल और रविशंकर के साथ खड़े थे।
इसी दौरान सौरभ के दोस्त अमरदीप की जूनियर छात्र लक्की राज से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद लक्की राज ने फोन कर कुछ बाहरी युवकों को मौके पर बुला लिया। शिकायत के मुताबिक, कुछ ही देर बाद दो काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार करीब 10 से 12 युवक वहां पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि युवकों ने सौरभ की डंडों की पिटाई की और उसे जबरन एक स्कॉर्पियो में बैठाकर वहां से ले गए।
सौरभ ने आरोप लगाया है कि चलती गाड़ी में उनके साथ मारपीट की गई और गला दबाने की कोशिश की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनका मोबाइल फोन और करीब 20 ग्राम वजन की सोने की चेन छीन ली। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
यूनिवर्सिटी और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। इसके बाद उसे विधानसभा थाना क्षेत्र से बामद किया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज की और जांच के क्रम में पांच संदिग्धों को कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य लोगों और विवाद की पूरी वजह का पता लगाने में जुटी है।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीकेपी

