Samachar Nama
×

रांची में सरकारी आवास से बेदखल हुईं कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव अंबा प्रसाद के समर्थन में पहुंचे पार्टी के बड़े नेता, टेंट में बैठकर खाया लिट्टी-चोखा

रांची में सरकारी आवास से बेदखल हुईं कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव अंबा प्रसाद के समर्थन में पहुंचे पार्टी के बड़े नेता, टेंट में बैठकर खाया लिट्टी-चोखा
रांची में सरकारी आवास से बेदखल हुईं कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव अंबा प्रसाद के समर्थन में पहुंचे पार्टी के बड़े नेता, टेंट में बैठकर खाया लिट्टी-चोखा

रांची, 11 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड में कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के सरकारी आवास को सील किए जाने और उन्हें बेदखल करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस विवाद के बीच बुधवार को कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ अंबा प्रसाद के समर्थन में सामने आई। पार्टी के कई बड़े नेताओं ने सील किए गए आवास के बाहर धरना दे रहीं अंबा प्रसाद से मुलाकात कर अपना नैतिक समर्थन जताया।

सरकारी आवास खाली कराए जाने के बाद अंबा प्रसाद ने उसी परिसर के बाहर टेंट लगा दिया है और वहीं धरना दे रही हैं। बुधवार को कांग्रेस के झारखंड प्रदेश प्रभारी के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रमा खलको अंबा प्रसाद को समर्थन देने उनके टेंट में पहुंचे। इस दौरान एक अनूठा दृश्य भी देखने को मिला, जब अंबा प्रसाद ने टेंट में ही नेताओं के लिए 'लिट्टी-चोखा' बनाया और उन्हें परोसा।

झारखंड में सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा होने के नाते कांग्रेस नेताओं ने सीधे तौर पर सरकार को घेरने के बजाय प्रशासनिक अधिकारियों के रवैये पर कड़ा एतराज जताया है। प्रदेश प्रभारी के. राजू ने कहा कि पार्टी पूरी ताकत से अंबा प्रसाद के साथ खड़ी है। उन्होंने इस कार्रवाई को पूरी तरह अनुचित बताते हुए कहा कि वे इस पूरे विषय को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सामने रखेंगे और मामले का न्यायसंगत समाधान निकालने का प्रयास करेंगे।

वहीं, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने प्रशासनिक अधिकारियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कुछ अधिकारी बेलगाम हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि त्योहारों के समय इस तरह की दमनात्मक कार्रवाई करके अधिकारी सरकार की छवि को धूमिल करने की साजिश रच रहे हैं। इस कार्रवाई पर अंबा प्रसाद ने गहरी नाराजगी और आक्रोश जताया है। उनका कहना है कि बिना किसी पूर्व लिखित सूचना के अत्यंत अपमानजनक और असंवेदनशील तरीके से यह कार्रवाई की गई। दिवाली से ठीक एक दिन पहले बड़ी संख्या में पुलिस बल ने पहुंचकर ताला तोड़ा और घर को सील कर दिया।

अंबा प्रसाद का कहना है कि यह महज मकान खाली कराने का प्रशासनिक मामला नहीं है, बल्कि उन्हें राजनीतिक रूप से निशाना बनाने की एक सोची-समझी साजिश है। रांची के धुर्वा में स्थित यह आवास अंबा प्रसाद को वर्ष 2019 में तब आवंटित हुआ था, जब वह बड़कागांव क्षेत्र से कांग्रेस की विधायक निर्वाचित हुई थीं। वर्ष 2024 में वह विधायकी का चुनाव हार गईं। इसके बाद सरकारी आवास को भवन निर्माण विभाग ने एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के नाम आवंटित कर दिया था। अब तक आवास खाली न किए जाने पर पिछले हफ्ते विभाग ने कब्जा लेते हुए आवास को सील कर दिया। घर से अंबा प्रसाद का सारा सामान बाहर निकाल दिया गया, हालांकि परिसर में उनका पालतू घोड़ा अब भी वहीं मौजूद है। बेदखली के विरोध में अंबा प्रसाद ने छोटी दिवाली और मुख्य दिवाली का त्योहार भी घर के बाहर इसी टेंट में मनाया और उनका धरना अनवरत जारी है।

--आईएएनएस

एसएनसी/एएमटी

Share this story

Tags