रांची में पीएम मोदी पर खरगे की कथित टिप्पणी के विरोध में भाजपा ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर किया प्रदर्शन
रांची, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में भाजपा ने सोमवार को रांची में प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता जुलूस लेकर कांग्रेस कार्यालय पहुंचे और खरगे से माफी मांगने की मांग की।
इस दौरान कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने से कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन ने कांग्रेस कार्यालय के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। पुलिस ने कार्यालय के बाहर बैरिकेडिंग कर रखी थी और बड़ी संख्या में जवान तैनात किए गए थे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पार कर कार्यालय की ओर बढ़ने की कोशिश की, जिस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
भाजपा कार्यकर्ता पार्टी के झंडे और तख्तियां लेकर पहुंचे थे। तख्तियों पर प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणियां बंद करने और राजनीतिक मर्यादा बनाए रखने की मांग लिखी थी। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस और खरगे के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री से माफी मांगने की मांग की।
दूसरी ओर, कांग्रेस कार्यालय के बाहर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा के खिलाफ नारे लगाए। कुछ कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़कर विरोध जताते दिखे। दोनों पक्षों के बीच बढ़ती तनातनी को देखते हुए पुलिस मौके पर मुस्तैद रही। प्रशासन की प्राथमिकता स्थिति को नियंत्रण में रखना और किसी अप्रिय घटना को रोकना रही।
प्रदर्शन के दौरान बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देते रहे हैं और अब उनके माता-पिता को लेकर भी अनुचित टिप्पणियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध में मर्यादा का पालन किया जाना चाहिए।
भाजपा ने इस टिप्पणी को लेकर देशभर में कांग्रेस कार्यालयों के घेराव का आह्वान किया है। रांची में हुआ प्रदर्शन इसी अभियान का हिस्सा था। घटना के दौरान पुलिस की तैनाती के बीच दोनों दलों के कार्यकर्ता अपने-अपने विरोध पर डटे रहे।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीकेपी

