Samachar Nama
×

रांची में डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर कालिख पोतने के मामले में 17 वर्षीय किशोर पकड़ा गया

रांची में डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर कालिख पोतने के मामले में 17 वर्षीय किशोर पकड़ा गया
रांची में डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर कालिख पोतने के मामले में 17 वर्षीय किशोर पकड़ा गया

रांची, 29 सितंबर (आईएएनएस)। राजधानी रांची के हरमू पार्क में डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर कालिख पोतने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को 17 वर्षीय किशोर को पकड़ा है। आरोपी हेहल का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, उसने 27 सितंबर की देर शाम काले स्प्रे से प्रतिमा पर कालिख पोती थी।

पुलिस जांच में आरोपी तक पहुंचने में उसके द्वारा छोड़ा गया एक सोशल मीडिया सुराग अहम साबित हुआ। पुलिस के मुताबिक, प्रतिमा पर कालिख पोतने से पहले आरोपी ने पार्क में इमली के पेड़ के पास स्प्रे से अपनी इंस्टाग्राम आईडी ‘कोका डॉन’ लिखी थी। इसी आईडी के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान की और मंगलवार को उसे हेहल इलाके से पकड़ लिया।

जांच में यह भी सामने आया कि प्रतिमा पर इस्तेमाल किया गया काला स्प्रे आरोपी को पार्क में ही मिला था। पुलिस के अनुसार, उसने पहले स्प्रे से अपनी इंस्टाग्राम आईडी लिखी और बाद में उसी स्प्रे से प्रतिमा पर कालिख पोत दी। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया ब्लैक स्प्रे और मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस उसके सोशल मीडिया अकाउंट, घटना के दौरान उसकी गतिविधियों और प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने के पीछे के कारणों की भी पड़ताल कर रही है।

आरोपी की मां ने पुलिस को बताया है कि परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं होने के बावजूद उसने आईफोन खरीदने की मांग की थी। फोन नहीं दिलाने पर उसने कथित तौर पर आत्मघाती धमकी दी थी। इसके बाद परिवार ने जमीन बेचकर उसे आईफोन दिलाया था। पुलिस ने इस जानकारी को भी जांच का हिस्सा बनाया है।

पुलिस के अनुसार, किशोर अपने दोस्तों के बीच खुद को ‘डॉन’ कहता था। हालांकि, प्रतिमा पर कालिख पोतने की घटना के पीछे उसका वास्तविक उद्देश्य क्या था, इसकी जांच अभी जारी है। किशोर की उम्र 17 वर्ष होने के कारण पुलिस ने उसे बाल संरक्षण से संबंधित कानूनी प्रक्रिया के तहत बाल सुधार गृह भेज दिया है। मोबाइल फोन और स्प्रे को जांच में शामिल किया गया है।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी

Share this story

Tags