Samachar Nama
×

रांची में बाइक चोरी करने वाले संगठित गिरोह का खुलासा, चोरी की 12 मोटरसाइकिलें बरामद, सात गिरफ्तार

रांची, 19 मई (आईएएनएस)। रांची पुलिस ने शहर के नामकुम थाना क्षेत्र में सक्रिय मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की 12 मोटरसाइकिलें, कई कटे हुए इंजन और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
रांची में बाइक चोरी करने वाले संगठित गिरोह का खुलासा, चोरी की 12 मोटरसाइकिलें बरामद, सात गिरफ्तार

रांची, 19 मई (आईएएनएस)। रांची पुलिस ने शहर के नामकुम थाना क्षेत्र में सक्रिय मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की 12 मोटरसाइकिलें, कई कटे हुए इंजन और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह रांची और आसपास के इलाकों के हाट-बाजारों से बाइक चोरी कर उनके नंबर प्लेट बदलकर बेच डालता था। रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक को 18 मई की शाम सूचना मिली थी कि चोरी की एक नीले रंग की अपाचे बाइक से एक युवक रामपुर की ओर जा रहा है। सूचना के बाद ग्रामीण एसपी के निर्देशन में वरीय पुलिस उपाधीक्षक अमर कुमार पांडेय के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम बनाई गई।

पुलिस टीम ने सिदरौल जोड़ा मंदिर के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक नीले रंग की अपाचे बाइक के साथ एक युवक को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान बिहार के सारण जिले के सिताबदियारा निवासी अभय सिंह उर्फ मन्नु सिंह के रूप में बताई।

आरोपी ने स्वीकार किया कि बाइक चोरी की है और उसे नंबर प्लेट बदलकर बेचने के लिए बेड़ो निवासी वसीम ओहदार उर्फ वसीम आलम के पास ले जाया जा रहा था। आरोपी ने बताया कि वह पहले भी बाइक चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। जेल में ही उसकी मुलाकात वसीम से हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद दोनों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर एक गिरोह बना लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य रांची के अलग-अलग इलाकों में लगने वाले हाट-बाजारों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। इसके बाद वाहनों के असली रजिस्ट्रेशन नंबर हटाकर फर्जी नंबर प्लेट लगाई जाती थी और इसे बेच दिया जाता था। चोरी की रकम गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे।

अभय सिंह की निशानदेही पर पुलिस ने वसीम ओहदार, दानिस आलम, सरीफ खान, नसीम अंसारी, तौहिर अंसारी और मोईन खान को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों के ठिकानों से कुल 12 चोरी की मोटरसाइकिल और कई कटे हुए इंजन बरामद किए गए।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अभय सिंह और वसीम ओहदार का पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। दोनों के खिलाफ रांची के विभिन्न थानों में बाइक चोरी, फर्जी नंबर प्लेट और धोखाधड़ी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। इस मामले में नामकुम थाना में कांड संख्या 133/26 दर्ज किया गया है।

सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। छापेमारी अभियान में नामकुम थाना प्रभारी रामनारायण सिंह समेत कई पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी

Share this story

Tags