Samachar Nama
×

रांची में अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, तीन युवकों की मौत

रांची में अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, तीन युवकों की मौत
रांची में अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, तीन युवकों की मौत

रांची, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों की मौत हो गई है। हादसा टाटा-रांची हाईवे पर रामपुर गांव के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित अज्ञात भारी वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन बाइक को कुचलते हुए मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना नामकुम थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नामकुम थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों शवों को सड़क से हटाया।

पुलिस के अनुसार, फिलहाल तीनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। उनकी पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों से भी संपर्क किया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक शवों को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजने की प्रक्रिया चल रही थी। टक्कर के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। बाइक सवार युवकों में किसी ने हेलमेट नहीं पहना था।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी घटना के बारे में जानकारी ली है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति रही। नामकुम पुलिस ने फरार वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

पुलिस ने दुर्घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाने की भी प्रक्रिया शुरू कर दी है। वाहन की पहचान होने के बाद उसके चालक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।

बाइक के नंबर के आधार पर मृतकों के बारे में पता लगाने की कोशिश की जा रही है। हादसे के वास्तविक कारण और अज्ञात वाहन की पहचान के लिए जांच जारी है।

--आईएएनएस

एसएनसी/एएमटी

Share this story

Tags