Samachar Nama
×

रांचीः महिला की गोली मारकर हत्या मामले में छह आरोपी गिरफ्तार

रांची, 6 फरवरी (आईएएनएस)। रांची के तमाड़ थाना क्षेत्र में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई और इसके बाद उसका शव चूल्हे में झोंककर इसे हादसे का रूप देने की कोशिश की गई। रांची पुलिस ने वारदात के पांच दिन बाद मामले का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
रांचीः महिला की गोली मारकर हत्या मामले में छह आरोपी गिरफ्तार

रांची, 6 फरवरी (आईएएनएस)। रांची के तमाड़ थाना क्षेत्र में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई और इसके बाद उसका शव चूल्हे में झोंककर इसे हादसे का रूप देने की कोशिश की गई। रांची पुलिस ने वारदात के पांच दिन बाद मामले का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 1 फरवरी को तमाड़ थाना क्षेत्र के तालाडीह गांव से सूचना मिली थी कि एतवारी कुमारी नाम की महिला की मौत चूल्हे की आग से झुलसने के कारण हो गई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए रिम्स, रांची भेजा गया।

प्रारंभिक तौर पर मामला हादसा प्रतीत हो रहा था और पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। दो दिन बाद आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले की दिशा बदल दी। रिपोर्ट में चिकित्सकों ने स्पष्ट किया कि महिला की मौत आग से नहीं, बल्कि सिर में गोली लगने के कारण हुई है।

इसके बाद पुलिस ने मृतका के मायके वालों को मामले की जानकारी दी तो उसके रिश्तेदार बुधू लोहरा के आवेदन पर तमाड़ थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराई।

जांच में सामने आया कि एतवारी कुमारी की हत्या की साजिश उसके देवर सोनाराम लोहरा ने रची थी। सोनाराम को शक था कि एतवारी कुमारी जादू-टोना जानती है और उसी के कारण उसके दो बच्चों की मौत हुई है। हत्या की इस साजिश में सोनाराम का साला अमित लोहरा भी शामिल था। उसने विष्णु महतो नामक शूटर से संपर्क कर एतवारी कुमारी की हत्या के लिए दो लाख रुपये की सुपारी तय की।

1 फरवरी की शाम अमित लोहरा, विष्णु महतो और बबलू महतो उर्फ देव कुमार महतो तालाडीह गांव पहुंचे। वहां सोनाराम लोहरा, सोमा लोहरा, लखीचरण मुंडा और कालीचरण लोहरा पहले मौजूद थे। शूटर विष्णु महतो ने घर के भीतर घुसकर एतवारी कुमारी को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद सभी आरोपियों ने शव को चूल्हे की आग में जला दिया, ताकि हत्या को हादसे का रूप दिया जा सके।

रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बुंडू के एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने पूरे मामले का खुलासा हुए सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने एक देशी कट्टा, दो मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

--आईएएनएस

एसएनसी/एएसएच

Share this story

Tags