Samachar Nama
×

रांची के रेस्टोरेंट में फायरिंग और हत्या के मामले में प्रिंस खान गिरोह का मुख्य शूटर गिरफ्तार

रांची, 29 मार्च (आईएएनएस)। रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित 'द टी-टॉस रेस्टोरेंट में हुई सनसनीखेज फायरिंग और एक कर्मचारी की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य शूटर सचिन यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
रांची के रेस्टोरेंट में फायरिंग और हत्या के मामले में प्रिंस खान गिरोह का मुख्य शूटर गिरफ्तार

रांची, 29 मार्च (आईएएनएस)। रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित 'द टी-टॉस रेस्टोरेंट में हुई सनसनीखेज फायरिंग और एक कर्मचारी की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य शूटर सचिन यादव को गिरफ्तार कर लिया है।

धनबाद के पुटकी निवासी सचिन यादव संगठित आपराधिक गिरोह 'प्रिंस खान' का सक्रिय सदस्य है और उसके विरुद्ध हत्या व डकैती सहित आठ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और वारदात के समय पहने हुए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।

पुलिस के अनुसार, यह पूरी वारदात एक करोड़ रुपये की रंगदारी न देने के कारण अंजाम दी गई थी। 27 दिसंबर 2025 को रेस्टोरेंट के मालिक राजकुमार गोप और उनके साथियों से इंटरनेट कॉल के माध्यम से ऑडियो मैसेज भेजकर प्रिंस खान गिरोह ने एक करोड़ रुपये की मांग की थी। पैसे नहीं मिलने पर गिरोह की ओर से लगातार धमकियां दी जा रही थीं।

इसी क्रम में 7 मार्च 2026 को दहशत फैलाने के उद्देश्य से रेस्टोरेंट पर फायरिंग करवाई गई थी, जिसमें गोली लगने से एक कर्मचारी की जान चली गई थी। इस मामले में एयरपोर्ट थाना में हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत कांड संख्या-12/26 दर्ज किया गया था।

रांची के एसएसपी राकेश रंजन द्वारा गठित एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही इस कांड में संलिप्त चार अपराधियों को जेल भेज दिया था। अनुसंधान के दौरान ही सचिन यादव की पहचान मुख्य शूटर के रूप में हुई थी। सचिन यादव का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। वह धनबाद के बैंक मोड़, पुटकी और राजगंज जैसे थानों में दर्ज रंगदारी, लूट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के मामलों में वांटेड रहा है।

हटिया डीएसपी प्रमोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में गठित इस छापेमारी टीम में अरगोड़ा, नामकुम, जगरनाथपुर और एयरपोर्ट थाना के प्रभारियों सहित तकनीकी शाखा के अधिकारी शामिल थे। पुलिस अब सचिन यादव से पूछताछ कर गिरोह के अन्य ठिकानों और प्रिंस खान के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। बरामद हथियारों के संबंध में एयरपोर्ट थाना में अलग से एक नया मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी गई है।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीएससी

Share this story

Tags