Samachar Nama
×

रांची के करमटोली में बार-रेस्टोरेंट में भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर खाक

रांची, 12 मई (आईएएनएस)। रांची के व्यस्त करमटोली चौक स्थित 'लेवी बार एंड रेस्टोरेंट' में मंगलवार तड़के भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में रेस्टोरेंट का इंटीरियर, कीमती फर्नीचर, किचन उपकरण और अन्य सामग्रियां पूरी तरह जलकर खाक हो गई हैं।

आग इतनी भयावह थी कि उसकी लपटें और काला धुआं काफी दूर से ही देखा जा सकता था, जिससे सुबह-सुबह पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना मंगलवार तड़के करीब 5 बजे की बताई जा रही है।

आसपास के लोगों ने जब रेस्टोरेंट की इमारत से ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठते देखा, तो तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग की लपटों पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि जिस समय आग लगी, रेस्टोरेंट बंद था और वहां कोई स्टाफ या ग्राहक मौजूद नहीं था, जिसके कारण कोई जनहानि नहीं हुई और बड़ा हादसा टल गया।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। दमकल विभाग की मुस्तैदी की वजह से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे यह आसपास की अन्य दुकानों और रिहायशी इमारतों तक नहीं फैल पाई।

स्थानीय पुलिस और फायर विभाग की टीम फिलहाल मौके पर मौजूद है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। रेस्टोरेंट संचालक के अनुसार संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है। फॉरेंसिक और तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि आग लगने की असली वजह क्या थी और कुल कितने का वित्तीय नुकसान हुआ है।

--आईएएनएस

एसएनसी/एसके

Share this story

Tags