रांची के बुढ़मू में ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार दो युवकों की मौत, ग्रामीणों ने लगाया जाम
रांची, 11 नवंबर (आईएएनएस)। रांची के बुढ़मू थाना क्षेत्र में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। झिलिया नदी के पास अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान रामगढ़ जिले के टंडवा प्रखंड अंतर्गत दूंडुवा पांडे मोड़ निवासी कुलदीप महतो और प्रकाश महतो के रूप में की गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक अपनी बाइक पर सवार होकर अपने पैतृक गांव टंडवा से पतरातू के खरकु टोला की ओर जा रहे थे। जब वे झिलिया नदी के पास पहुंचे, तो विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों युवक उछलकर सीधे ट्रक के पहियों के नीचे आ गए और गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और मृतकों के परिजन आक्रोशित होकर घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए। दो युवकों की दर्दनाक मौत से भड़के लोगों ने तुरंत राय रोड को पूरी तरह से जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना मिलते ही बुढ़मू थाना की पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंची और उग्र भीड़ को शांत कराने तथा जाम हटाने के प्रयास में जुट गई।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इस संकरी और ग्रामीण सड़क पर भारी वाहनों के परिचालन के लिए कोई पुख्ता और सुरक्षित व्यवस्था नहीं है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस की मिलीभगत और अनदेखी के कारण इस इलाके में कोयला और बालू लदे भारी वाहन बेखौफ होकर अवैध रूप से दौड़ाए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों ओवरलोड कोयला वाहन तेज रफ्तार में गुजरते हैं, जिससे हर वक्त बड़ा हादसा होने का खतरा बना रहता है। घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों के परिचालन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए और मृतक परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए।
--आईएएनएस
एसएनसी/पीएम

