Samachar Nama
×

रांची के बड़ा तालाब में मिला तीन दिनों से लापता बुजुर्ग का शव, एनडीआरएफ ने चलाया अभियान

रांची के बड़ा तालाब में मिला तीन दिनों से लापता बुजुर्ग का शव, एनडीआरएफ ने चलाया अभियान
रांची के बड़ा तालाब में मिला तीन दिनों से लापता बुजुर्ग का शव, एनडीआरएफ ने चलाया अभियान

रांची, 18 नवंबर (आईएएनएस)। रांची के बड़ा तालाब से बुधवार सुबह एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र के ग्वाला टोली निवासी 70 वर्षीय शाहिद अख्तर गद्दी के रूप में की गई है। वे रांची के जाने-माने बिल्डर साहब अली के भाई थे। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वे तालाब में कैसे डूबे, इसका पता नहीं चल पाया है।

जानकारी के अनुसार, शाहिद अख्तर गद्दी पिछले तीन दिनों से अपने घर से लापता थे। परिजनों ने अपने स्तर पर उनकी काफी खोजबीन की थी, लेकिन जब उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिला तो इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई थी। तलाश के क्रम में परिजनों और पुलिस को इस बात की आशंका हुई कि वे संभवतः बड़ा तालाब की ओर गए होंगे। इसी अंदेशे के आधार पर तालाब में उनकी तलाश के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम की मदद ली गई।

एनडीआरएफ के गोताखोरों और जवानों ने बुधवार सुबह तालाब में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके दौरान पानी के भीतर से शाहिद अख्तर का शव बरामद कर बाहर निकाला गया। तालाब से शव निकाले जाने की खबर फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंची।

पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को अपने कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस इस मामले की हर संभावित पहलू से बारीकी से जांच कर रही है कि यह महज एक हादसा है, आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण छिपा है।

--आईएएनएस

एसएनसी/पीएम

Share this story

Tags