Samachar Nama
×

रांची और हजारीबाग में फायरिंग की घटनाओं में शामिल गैंगस्टर राहुल दुबे गिरोह के पांच अपराधी गिरफ्तार

रांची और हजारीबाग में फायरिंग की घटनाओं में शामिल गैंगस्टर राहुल दुबे गिरोह के पांच अपराधी गिरफ्तार
रांची और हजारीबाग में फायरिंग की घटनाओं में शामिल गैंगस्टर राहुल दुबे गिरोह के पांच अपराधी गिरफ्तार

रांची, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। हजारीबाग के एक होटल और रांची में कोयला कारोबारी के आवास पर हुई फायरिंग की घटनाओं के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर राहुल दुबे गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान धुर्वा थाना क्षेत्र के सीठियो में रिंग रोड के पास हुई मुठभेड़ में गिरोह का एक सदस्य घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से चार से अधिक पिस्टल, कारतूस और कई मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

गुरुवार रात कांके थाना क्षेत्र के प्रेमनगर में कोयला कारोबारी संजय करमाली के आवास पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इसी रात हजारीबाग के एके इंटरनेशनल होटल में भी गोलीबारी की घटना हुई थी। दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की थी। शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि राहुल दुबे गिरोह के कुछ सदस्य कांके में फायरिंग के बाद शहर से भागने की फिराक में हैं।

इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में घेराबंदी कर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के सीठियो इलाके में आने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस की टीम सीठियो पहुंची। पुलिस के मुताबिक, वहां मौजूद अपराधी ने पुलिस को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने गोलीबारी जारी रखी।

इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई। घायल अपराधी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इस तरह पुलिस ने गिरोह से जुड़े कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में गिरोह के रंगदारी वसूली और इलाके में दहशत फैलाने की कई घटनाओं में शामिल होने की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, हाल में रांची के बुढ़मू थाना क्षेत्र के छापर बालू घाट पर हुई गोलीबारी में भी इसी गिरोह के सदस्यों की संलिप्तता की जानकारी मिली है। मुठभेड़ की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। गिरोह के अन्य सदस्यों और हाल की आपराधिक घटनाओं में उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी

Share this story

Tags