Samachar Nama
×

रामपुर दौरे पर मुख्यमंत्री योगी, 690 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात

रामपुर दौरे पर मुख्यमंत्री योगी, 690 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात
रामपुर दौरे पर मुख्यमंत्री योगी, 690 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात

रामपुर, 30 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को रामपुर जनपद के मिलक विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह करीब 690.39 करोड़ रुपये की लागत वाली 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं के माध्यम से जिले के बुनियादी ढांचे, जनसुविधाओं और विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री इस अवसर पर आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर अपने दौरे की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, "आज जनपद रामपुर की विकास यात्रा को नई गति और नई दिशा प्राप्त होगी। रामपुर के मिलक और बिलासपुर विधान सभा क्षेत्रों में 690 करोड़ से अधिक लागत की 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया जाएगा। पूर्ण विश्वास है कि जनसेवा, जनसुविधा और जनकल्याण को समर्पित ये विकासपरक परियोजनाएं रामपुर के विकास को नई गति देंगी, जनजीवन को अधिक सुगम बनाएंगी और 'विकसित उत्तर प्रदेश' के संकल्प को नई शक्ति प्रदान करेंगी।"

जानकारी के अनुसार, कुल 102 परियोजनाओं में 75 परियोजनाओं का लोकार्पण और 27 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। लोकार्पण की जाने वाली परियोजनाओं में मिलक विधानसभा क्षेत्र की 27 परियोजनाएं शामिल हैं, जिनकी लागत 199.43 करोड़ रुपये है। वहीं बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र की 48 परियोजनाओं का भी लोकार्पण होगा, जिन पर 231.25 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री मिलक विधानसभा क्षेत्र की 8 नई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे, जिनकी अनुमानित लागत 96.30 करोड़ रुपये है। वहीं बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र में 19 विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी, जिन पर 163.41 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा में लगभग 20 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की भी मौजूदगी रहेगी। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। कार्यक्रम स्थल पर यातायात, सुरक्षा और जनसुविधाओं को लेकर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

--आईएएनएस

पीआईएम/एएस

Share this story

Tags