Samachar Nama
×

रामलीला मैदान को भरने में नाकाम रहा विपक्ष, 1.40 लाख की भीड़ भी नहीं जुटा पाए : चिराग पासवान

रामलीला मैदान को भरने में नाकाम रहा विपक्ष, 1.40 लाख की भीड़ भी नहीं जुटा पाए : चिराग पासवान
रामलीला मैदान को भरने में नाकाम रहा विपक्ष, 1.40 लाख की भीड़ भी नहीं जुटा पाए : चिराग पासवान

पटना, 2 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पटना में आयोजित पाटलिपुत्र राष्ट्रीय युवा संसद की सराहना करते हुए इसे युवाओं के लिए अपनी सोच रखने का सकारात्मक मंच बताया और आयोजक शायान उर्फ शाहिन की टीम को बधाई दी। वहीं, इंडिया ब्लॉक की रामलीला मैदान में हुई रैली पर हमला बोलते हुए चिराग ने कहा कि विपक्ष ने बड़े दावे किए थे लेकिन ड्रोन तस्वीरों में साफ है कि मैदान भरना तो दूर भरने की सोच तक नहीं थी।

पटना में आयोजित 'पाटलिपुत्र राष्ट्रीय युवा संसद' को लेकर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, "उन्होंने एक मंच दिया अपनी बातों को रखने का, अपनी सोच को रखने का। मैं इनकी पूरी टीम को बधाई देता हूं, मुख्य आयोजक शायान उर्फ शाहिन और उनकी पूरी टीम ने इस युवा संसद को आयोजित किया। इसमें जिन विषयों को लेकर चर्चाएं हुई हैं, जिस तरीके से दो दिन में अलग-अलग विषयों पर चर्चा आयोजित की गई, मैं मानता हूं कि यह वह सकारात्मक मंच है जो युवाओं को आगे बढ़ने का, अपनी बातों को रखने का अवसर देगा।"

एक अन्य सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि फाइनेंशियल नहीं लेकिन निश्चित रूप से हम लोग जो विकसित भारत के निर्माण की बात करते हैं, विकसित भारत तब होगा जब विकसित बिहार होगा। ऐसे में राजस्व के स्रोतों को बढ़ाना होगा। जब तक हमारा राजस्व नहीं बढ़ेगा, तब तक हम लोग उस लक्ष्य को पूरा नहीं कर पाएंगे।

उन्होंने कहा कि राजस्व बढ़ाने के लिए अलग-अलग माध्यम अपनाए जा रहे हैं। केंद्र सरकार के द्वारा भी और हमारे स्तर पर भी प्रयास जारी हैं। फूड प्रोसेसिंग के माध्यम से यहां पर अलग-अलग क्षेत्रों में प्रोसेसिंग यूनिट्स लगाकर और इलेक्ट्रॉनिक सिटी स्थापित करके ऐसा किया जा रहा है। अलग-अलग तरीकों से कैसे राज्य का राजस्व बढ़े ताकि उस राजस्व को बिहार के विकास के लिए लगाया जा सके, उसी दिशा में मुख्यमंत्री ने इस सोच को अग्रसर करने तथा टैक्सपेयर्स के समक्ष रखने का काम किया है। मैं मानता हूं कि यह एक अच्छी सोच है। इसे सकारात्मक दृष्टि से लेना चाहिए और जो लोग इसमें पहल करके आगे आएंगे, उन सभी को बधाई और शुभकामनाएं।

इंडिया ब्लॉक की रैली को लेकर उन्होंने कहा कि जिस तरीके से कल विपक्ष ने बड़े-बड़े दावे किए थे, जिस तरीके से रैली का आयोजन कर यह शक्ति प्रदर्शन करने का प्रयास विपक्ष द्वारा किया गया था, मैं इस बात को ईमानदारी से कहूंगा कि हम सबने वे तस्वीरें देखी हैं, वे ड्रोन व्यू देखे हैं, जिनमें यह साफ दिखता है कि रामलीला मैदान को भरना तो दूर की बात है। इन लोगों ने उसे भरने की सोच तक नहीं दिखाई।

उन्होंने कहा कि जिस तरीके से रामलीला मैदान को पहले ही बैरिकेडिंग के माध्यम से आधा करने की कोशिश की गई और उसके बाद जिस तरह की भीड़ के वादे और दावे किए गए थे, उस तरह की भीड़ आई ही नहीं। अगर 140 करोड़ की आबादी में पूरा विपक्ष मिलकर 1 लाख 40 हजार लोग भी एकत्रित नहीं कर पा रहा है, तो यह दर्शाता है कि कम से कम आज की तारीख में जनता विपक्ष और उसके मुद्दों के साथ नहीं है।

मुजफ्फरपुर में पीएनजी पाइपलाइन ब्लास्ट की घटना पर दुख जताते हुए उन्होंने कहा कि यह एक दुखद घटना है। इसकी और अधिक जानकारी आएगी कि इसमें क्या कारण रहा, किस वजह से पाइपलाइन में इस प्रकार का विस्फोट हुआ। अगर किसी की लापरवाही है तो दोषियों को भी नहीं बख्शा जाएगा, लेकिन पहले कारण सामने आएं। जितने भी घायल हैं, उनके जल्द स्वस्थ होने की मैं कामना करता हूं।

--आईएएनएस

केके/पीएम

Share this story

Tags