रामबन में ड्यूटी के दौरान शराब पीने पर एसएसपी की सख्त कार्रवाई, एएसआई को भेजा नशा मुक्ति केंद्र
रामबन, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर पुलिस में अनुशासन को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए एसएसपी रामबन ने ड्यूटी के दौरान शराब का सेवन करने वाले एक कर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है।
एसएसपी रामबन कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, एक असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (एएसआई) को जिला अस्पताल रामबन के नशा मुक्ति केंद्र में एक महीने के लिए भेजा गया है। उन्हें वहां शराब की लत के इलाज के लिए रखा जाएगा।
पुलिस के अनुसार, यह मामला तब सामने आया, जब जानकारी मिली कि संबंधित एएसआई ड्यूटी के समय शराब का सेवन कर रहे हैं। सीएचसी गूल के मेडिकल ऑफिसर ने भी इसकी पुष्टि की है। मेडिकल ऑफिसर ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि शराब के सेवन के कारण वे ड्यूटी करने के लिए फिट नहीं हैं।
आदेश में साफ कहा गया है कि ड्यूटी के घंटों के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही या गलत आचरण पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। ड्यूटी के समय शराब पीना गंभीर अनुशासनहीनता है और इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसएसपी रामबन ने कहा कि पुलिस बल में अनुशासन सबसे जरूरी है और जो भी कर्मी ड्यूटी के दौरान ऐसी गलती करता पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई पुलिस विभाग में अनुशासन बनाए रखने और जनता के बीच पुलिस की छवि बेहतर रखने के लिए की गई है। रामबन भारत के केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर का एक प्रमुख कस्बा और रामबन जिले का मुख्यालय है।
पिछड़ेपन को दूर करने और प्रशासनिक सुधार के लिए 1 अप्रैल, 2007 को इसे पूर्ववर्ती डोडा जिले से अलग करके एक स्वतंत्र जिला बनाया गया था। यह शहर चिनाब नदी (चंद्रभागा) के तट पर, जम्मू और श्रीनगर के बिल्कुल बीचों-बीच स्थित है।
--आईएएनएस
वीकेयू/एबीएम

