'रामायण' रिव्यू: फिल्म देखकर दर्शक, बोले-रणबीर ने राम के किरदार को शिद्दत से निभाया
मुंबई, 5 नवंबर (आईएएनएस)। निर्देशक नितेश तिवारी की 'रामायण' गुरुवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। ट्रेलर रिलीज के बाद फिल्म लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया देखने को मिल रही थीं लेकिन सिनेमाघरों से बाहर निकले दर्शक इससे काफी संतुष्ट नजर आए।
सिनेमाघरों से लौटे दर्शकों का कहना है आज के समय के हिसाब से फिल्म को अच्छे से बनाया गया है। उन्होंने कलाकारों समेत डायरेक्टर के काम की जमकर सराहना की। एक दर्शक ने कहा, "फिल्म मुझे बहुत अच्छी लगी है। इसमें साई पल्लवी ने मां सीता का किरदार अच्छे से निभाया है। वह चेहरे से मासूम लगती हैं और मां सीता के रोल के लिए बिल्कुल फिट बैठती हैं। रणबीर ने भी राम भगवान का रोल अच्छा किया है और मुझे लगता है कि उनसे अच्छा कोई और भगवान राम का रोल नहीं निभा सकता था। यश ने रावण का रोल अच्छे से निभाया है। मैं सभी से कहना चाहूंगा कि इस फिल्म को वे अपने परिवार के साथ जाकर जरूर देखे।"
एक और दर्शक ने कहा, "फिल्म के बहुत शानदार तरीके से फिल्माया गया है। डायरेक्टर समेत सभी कलाकारों ने अपने रोल के साथ अच्छे से न्याय किया है। हां, शुरुआत में भी फिल्म को थोड़ा स्लो रखा गया था लेकिन बाद में फिल्म सही रही। मैं खुद एक फिल्म स्टूडेंट हूं, तो मुझे फिल्म देखने में बहुत अच्छी लगी।"
एक अन्य दर्शक ने कहा, "फिल्म मुझे बहुत अच्छी लगी। रामायण मेरे दिल के करीब इसलिए भी है क्योंकि बचपन में मैं अपने बड़ों के साथ अरुण गोविल वाली रामायण बहुत देखता था और बड़े होकर री-टेलीकास्ट देखने का मौका मिल रहा है। सीता के रोल के लिए साई पल्लवी की ट्रोलिंग को लेकर उन्होंने कहा, "ट्रेलर देखने के बाद हमें भी साई पल्लवी का किरदार ज्यादा समझ में नहीं आया था लेकिन फिल्म देखने के बाद हम सभी को उनका काम बहुत पसंद आया और मां सीता के लिए वह परफेक्ट कास्ट हैं। अगर हम राम और रावण के रोल की बात करें, तो मैंने भी रामायण के बारे में बहुत पढ़ा है। फिल्म में रावण को टिपिकल विलेन के अवतार में नहीं दिखाया गया है बल्कि इसमें उनकी बारीकियों के बारे में भी दिखाया गया है और पहले पार्ट में रावण के बारे में अच्छे से दिखाया गया है।
उन्होंने कहा, "हां, राम के पार्ट को ज्यादा नहीं दिखाया है, जैसे उनके बचपन से सीधे युवास्था को ही दिखा दिया और बीच का कुछ दिखाया ही नहीं लेकिन रावण का पार्ट काफी ज्यादा दिखाया है।"
एक अन्य दर्शक ने कहा, "मूवी बहुत अच्छी थी। मुझे लगता है कि साई पल्लवी सीता के रोल के लिए परफेक्ट थीं और उन्होंने इस रोल को अच्छे से निभाया भी है। रणबीर कपूर राम के अवतार में अच्छे लगे और यश ने बेहतर काम किया है। वीएफक्स बहुत अच्छा था और गाने भी मजेदार हैं।"
एक बुजुर्ग दर्शक ने कहा, "जब हम ऐसी फिल्में बड़ी स्क्रीन पर देखते हैं, तो समझ में आता है कि ये सिर्फ इन्हीं के लिए बनी है। फिल्म देखकर एक संतुष्टि भी हुई कि फिल्म देखने के लिए हम सभी रुके रहे। साई पल्लवी ने मां सीता का रोल अच्छे से किया है और थोड़े उन्होंने एक्शन भी किए हैं, जो मजेदार हैं। सनी देओल का रोल अभी दिखाया नहीं गया है, तो उसके लिए अभी एक्साइटमेंट बनी हुई है।"
एक दर्शक ने कहा, "मूवी बहुत अच्छी है। डायरेक्टर ने अच्छे से काम किया है और रणबीर कपूर अपने रोल में छाए रहे। मैं निराश हूं कि सनी द्योल का रोल हमें दिखाया नहीं गया, तो उसके लिए हमें अगले पार्ट का इंतजार करना पडे़गा। फिल्म ट्रेलर से कहीं ज्यादा मजेदार है। इस फिल्म में कई बेहतरीन कलाकार हैं और उन्होंने काफी उम्दा काम किया है। मैं तो यही कहूंगा कि सभी लोग अपने परिवार के साथ फिल्म को देखने के लिए आएं।"
--आईएएनएस
एनएस/पीएम

