Samachar Nama
×

राम मंदिर ट्रस्ट सख्त: एसबीआई पर उठाए सवाल, प्रवक्ता नियुक्त होगा; सीईओ चयन को मिला एक माह का और समय

राम मंदिर ट्रस्ट सख्त: एसबीआई पर उठाए सवाल, प्रवक्ता नियुक्त होगा; सीईओ चयन को मिला एक माह का और समय
राम मंदिर ट्रस्ट सख्त: एसबीआई पर उठाए सवाल, प्रवक्ता नियुक्त होगा; सीईओ चयन को मिला एक माह का और समय

अयोध्या, 22 जुलाई (आईएएनएस)। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट की बुधवार को हुई न्यासी मंडल की बैठक में चढ़ावा राशि की गणना में सामने आई अनियमितताओं, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की भूमिका, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के चयन, मंदिर प्रबंधन और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।

ट्रस्ट ने एसबीआई की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए वित्त समिति को बैंक के साथ संबंधों और मानक प्रक्रियाओं की समीक्षा के निर्देश दिए। वहीं, समाज के साथ नियमित संवाद के लिए प्रवक्ता नियुक्त करने और पूजा-अर्चना की शुचिता बनाए रखने के लिए धार्मिक समिति के पुनर्गठन का भी निर्णय लिया गया।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री कृष्ण मोहन की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, आषाढ़ शुक्ल नवमी के अवसर पर अयोध्या में आयोजित न्यासी मंडल की बैठक में श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित बढ़ती संख्या को देखते हुए व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। बैठक में चढ़ावा राशि की गणना, न्यासी मंडल के रिक्त पदों की पूर्ति, सीईओ की नियुक्ति प्रक्रिया और मंदिर प्रशासन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

ट्रस्ट ने बताया कि चढ़ावा राशि की गणना में कथित अनियमितताओं की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) की अंतिम रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है। इसी कारण इस मुद्दे पर अंतिम निर्णय नहीं लिया जा सका। साथ ही, इस मामले में उच्चतम न्यायालय में लंबित याचिकाओं और न्यायालय के आदेशों का भी संज्ञान लिया गया। बैठक में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ चढ़ावा राशि की गणना के लिए हुए एमओयू की समीक्षा की गई।

ट्रस्ट ने कहा कि बैंक की जिम्मेदारियों के निर्वहन में सामने आई त्रुटियों और अनियमितताओं के उजागर होने के बाद बैंक की प्रतिक्रिया अपेक्षित गंभीरता वाली नहीं रही। इस पर न्यासी मंडल ने निराशा व्यक्त करते हुए ट्रस्ट की वित्त समिति को एसबीआई के साथ भविष्य के संबंधों और पूरी कार्यप्रणाली की समीक्षा कर आवश्यक निर्णय लेने के निर्देश दिए। न्यासियों ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की।

बैठक में बताया गया कि चढ़ावा राशि की गणना कक्ष सहित सभी कैमरों की निगरानी तक सुरक्षा अधिकारियों की पहुंच पहले से सुनिश्चित है, जिस पर न्यासी मंडल ने संतोष व्यक्त किया। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि भारतीय रिजर्व बैंक के सहायक संस्थान की टकसाल (मिंट) के साथ स्वर्ण एवं रजत चढ़ावे की मात्रा और शुद्धता की जांच की व्यवस्था लगातार जारी रहेगी, ताकि पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहे।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के चयन के लिए गठित समिति ने बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त होने का हवाला देते हुए चयन प्रक्रिया पूरी करने के लिए एक माह का अतिरिक्त समय मांगा। न्यासी मंडल ने इस अनुरोध को स्वीकार कर लिया। साथ ही, श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए सीईओ की नियुक्ति में हो रही देरी के मद्देनजर एक सचिव की नियुक्ति को मंजूरी दे दी गई, ताकि प्रशासनिक कार्य प्रभावित न हों।

ट्रस्ट ने कहा कि हाल के दिनों में लगाए गए विभिन्न आरोपों और दुष्प्रचार के बावजूद श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में कोई कमी नहीं आई है। ट्रस्ट के अनुसार, यह करोड़ों रामभक्तों की अटूट आस्था और विश्वास का प्रमाण है। न्यासी मंडल ने संत समाज, देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और अवध क्षेत्र के लोगों के प्रति आभार भी व्यक्त किया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मंदिर और ट्रस्ट से जुड़ी आधिकारिक जानकारी समय-समय पर जनता तक पहुंचाने तथा मीडिया के माध्यम से समाज के साथ नियमित संवाद बनाए रखने के लिए ट्रस्ट अपना आधिकारिक प्रवक्ता नियुक्त करेगा।

न्यासी मंडल ने ट्रस्ट में रिक्त पड़े न्यासी पदों की नियुक्ति प्रक्रिया की भी समीक्षा की और कहा कि इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को पूरा होने में अभी कुछ और सप्ताह लग सकते हैं। इसके अलावा मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना की परंपरागत प्रामाणिकता, धार्मिक मर्यादा और शुचिता बनाए रखने के उद्देश्य से धार्मिक समिति का पुनर्गठन किया गया।

स्वामी गोविंद देव गिरि की अध्यक्षता वाली समिति में जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती, स्वामी विश्वप्रसन्नतीर्थ, स्वामी युगपुरुष परमानंद, स्वामी दिनेंद्रदास, स्वामी कमलनयनदास, महंत राजकुमार दास, स्वामी रामानंद दास और स्वामी मिथिलेश्नंदिनी शरण को सदस्य बनाया गया है।

--आईएएनएस

विकेटी/डीकेपी

Share this story

Tags