Samachar Nama
×

राम मंदिर ट्रस्ट भाजपा ने बनाया, अब भाजपा को चढ़ावा मामले में जवाब देना चाहिए : आनंद दुबे

राम मंदिर ट्रस्ट भाजपा ने बनाया, अब भाजपा को चढ़ावा मामले में जवाब देना चाहिए : आनंद दुबे
राम मंदिर ट्रस्ट भाजपा ने बनाया, अब भाजपा को चढ़ावा मामले में जवाब देना चाहिए : आनंद दुबे

नई दिल्ली, 19 जुलाई (आईएएनएस)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर मामले की जांच और जवाबदेही की मांग किए जाने का शिवसेना (यूबीटी) ने समर्थन किया है। पार्टी के प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा कि विपक्ष का यह कदम पूरी तरह उचित है और इससे पहले उनकी पार्टी भी इस मामले में सीबीआई जांच की मांग कर चुकी है।

शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट का गठन सरकार के अधीन हुआ है, इसलिए यदि चढ़ावे में कथित गड़बड़ी या चोरी के आरोप सामने आए हैं तो सरकार को ही इसका जवाब देना चाहिए। विपक्ष का यह कदम पूरी तरह उचित है और इससे पहले उनकी पार्टी भी इस मामले में सीबीआई जांच की मांग कर चुकी है।

उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच जारी है। ऐसे में विपक्ष का दायित्व है कि वह सरकार से जवाब मांगे। सरकार से पूछे गए सवालों का जवाब विपक्ष नहीं देगा, बल्कि सरकार को ही पारदर्शिता के साथ अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। सरकार इस पर कुछ बोलने के लिए तैयार नहीं है।

इसी दौरान आनंद दुबे ने दल-बदल के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार और लोकसभा अध्यक्ष की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के बागी सांसदों को बिना संबंधित पक्ष की बात सुने मान्यता दे दी गई।

उन्होंने इसे लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ बताते हुए कहा कि यह कानूनी प्रक्रिया की आड़ में जनादेश की चोरी जैसा है। जनता जिन प्रतिनिधियों को चुनती है, उनकी राजनीतिक पहचान को इस तरह बदल देना लोकतंत्र की भावना के अनुरूप नहीं है।

वहीं, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भी राम मंदिर चढ़ावा मामले में सरकार को घेरते हुए कहा कि जनता के मन में सवाल उठ रहे हैं और सरकार को पूरे मामले को सार्वजनिक करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की अनियमितता के आरोप लगे हैं तो निष्पक्ष जांच कराकर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए।

मसूद ने आरोप लगाया कि सरकार भगवान राम के नाम पर राजनीति करती है, लेकिन अब उसी नाम पर चंदे में कथित गड़बड़ी के आरोप सामने आ रहे हैं। पारदर्शिता और जवाबदेही ही इस विवाद का समाधान है।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम

Share this story