Samachar Nama
×

राम मंदिर चंदे घोटाले में शामिल चोरों को बख्शा नहीं जाएगा: भाजपा सांसद नरेश बंसल

राम मंदिर चंदे घोटाले में शामिल चोरों को बख्शा नहीं जाएगा: भाजपा सांसद नरेश बंसल
राम मंदिर चंदे घोटाले में शामिल चोरों को बख्शा नहीं जाएगा: भाजपा सांसद नरेश बंसल

नई दिल्ली, 30 जून (आईएएनएस)। भाजपा सांसद नरेश बंसल ने राम मंदिर चंदे से जुड़े कथित गड़बड़ी के मामले में कहा कि एसआईटी निष्पक्ष होकर तेजी से जांच कर रही है और राम मंदिर ट्रस्ट भी पूरा सहयोग कर रहा है। जिसने भी चंदे में किसी प्रकार की हेराफेरी या चोरी की होगी, उसे बख्शा नहीं जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने राहुल गांधी, असदुद्दीन ओवैसी और महाराष्ट्र की राजनीति से जुड़े हालिया घटनाक्रमों पर भी प्रतिक्रिया दी।

राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े विवाद के बीच आरएमओ अर्जुन देव के तबादले पर नरेश बंसल ने कहा कि यह पूरी तरह एक प्रशासनिक फैसला है। सरकारी अधिकारियों के तबादले सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा होते हैं और इसमें किसी विशेष अर्थ की तलाश नहीं की जानी चाहिए। मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं और कौन अपना कार्य ठीक से कर रहा है या नहीं, इसका आकलन एसआईटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर होगा।

राम मंदिर चंदे के मामले में विश्व हिंदू परिषद के नेता आलोक कुमार के बयान का समर्थन करते हुए सांसद ने कहा कि एसआईटी पूरी निष्पक्षता और तेजी के साथ जांच कर रही है। जांच दल के गठन को लगभग 20 दिन हो चुके हैं और अब तक आठ लोगों को जेल भेजा जा चुका है। जांच आगे भी इसी गति से जारी रहेगी और जिसने भी चंदे में चोरी या गड़बड़ी की होगी, वह किसी भी कीमत पर बच नहीं पाएगा। इस मामले में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा देश में आर्थिक सुनामी आने संबंधी बयान पर बंसल ने कहा कि राहुल गांधी को हर समय कभी सुनामी, कभी तूफान और कभी बमबारी जैसी बातें ही दिखाई देती हैं। राहुल गांधी को देश की जमीनी समस्याओं की वास्तविक समझ नहीं है क्योंकि वह जनता के बीच कम जाते हैं। राहुल गांधी साल का आधा समय विदेश में बिताते हैं, इसलिए वे इस तरह के बचकाने बयान देते रहते हैं।

एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी द्वारा राम मंदिर चंदे के मुद्दे पर दिए गए बयान के संदर्भ में नरेश बंसल ने कहा कि यदि राम जन्मभूमि, भगवान राम और राम मंदिर के प्रति मुसलमान अपनी आस्था व्यक्त करते हैं तो यह देश और मुस्लिम समाज, दोनों के लिए अच्छी बात है।

भाजपा नेता नितिन नवीन के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने राहुल गांधी को पार्ट-टाइम नेता और भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को फुल-टाइम नेता बताया, नरेश बंसल ने सहमति जताई। उन्होंने कहा कि भाजपा का नेतृत्व और उसके कार्यकर्ता वर्ष के 365 दिन, 24 घंटे जनता के बीच रहकर लगातार संपर्क बनाए रखते हैं। भाजपा कार्यकर्ता लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए काम करते हैं और केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास करते हैं।

महाराष्ट्र की राजनीति में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे द्वारा ऑपरेशन टाइगर जारी होने और उद्धव ठाकरे गुट के एमएलसी सचिन अहीर के शिंदे गुट में शामिल होने पर बंसल ने कहा कि यदि शिंदे ने ऑपरेशन टाइगर की बात कही है तो उसके परिणाम अब दिखाई भी देने लगे हैं। इन राजनीतिक घटनाक्रमों के बाद उद्धव ठाकरे को अपनी राजनीतिक रणनीति और भविष्य के बारे में गंभीरता से विचार करना चाहिए।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story

Tags