Samachar Nama
×

राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर पवन खेड़ा का हमला, बोले-यह आस्था और विश्वास की डकैती

राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर पवन खेड़ा का हमला, बोले-यह आस्था और विश्वास की डकैती
राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर पवन खेड़ा का हमला, बोले-यह आस्था और विश्वास की डकैती

नई दिल्ली, 27 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने राम मंदिर चढ़ावा मामला समेत कई मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। आईएएनएस से बातचीत करते हुए पवन खेड़ा ने राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर कहा कि चंपत राय संघ के वरिष्ठ प्रचारक रहे हैं और नृपेंद्र मिश्रा प्रधानमंत्री कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारी रहे हैं। इसका मतलब मंदिर की देख-रेख संघ और पीएमओ की ओर से की जाती थी। अब उसकी हालत यह है कि लूट की जा रही है।

पवन खेड़ा ने कहा कि यह पैसे, आभूषणों, सोने और चांदी और जमीनों की डकैती नहीं है। यह आस्था और विश्वास की डकैती है। विश्वास की डकैती बहुत महंगी होती है। इनसे क्या उम्मीद की जा सकती है? इन्हें ट्रस्ट भंग कर देना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में जांच कराएं और कितना भी बड़ा दोषी हो, उसको सजा दिलाएं।

गाजा के हालात पर सोनिया गांधी के लेख पर पवन खेड़ा ने कहा कि बहुत व्यथित मन से हम लोगों की ओर से बार-बार सवाल उठाया जाता है और सोनिया गांधी की ओर से पहले भी इस मामले में लिखा गया है। इस तरह से मुद्दों पर इतिहास में भारत की जो भूमिका रही है। विशेष रूप से फिलीस्तीन को लेकर उससे बहुत दूर सरकार देश को लेकर आई है। पूरे विश्व में भारत की एक पहचान थी कि इंसाफ और न्याय की बात कोई देश करता है तो वो भारत है।

पवन खेड़ा ने कहा कि सोनिया गांधी की ओर से लिखा गया, इससे पहले पूरा विश्व भी गाजा को लेकर सवाल उठा रहा है। उन्होंने इससे पहले भी लिखा था। गाजा में बच्चों के शवों के टुकड़े हमने देखे हैं। उन बच्चों की कुछ हफ्तों की उम्र रही होगी। उन बच्चों का जंग से क्या लेना-देना था? ऐसा दृश्य किसी हिंदू ने भी देखा तो उसको भी बुरा लगा।

--आईएएनएस

एसडी/वीसी

Share this story

Tags