राम मंदिर चढ़ावा मामले में दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई, विपक्ष पर भी बरसे भाजपा सांसद बृजलाल
लखनऊ, 7 जुलाई (आईएएनएस)। राम मंदिर चढ़ावा विवाद में मुख्य आरोपी टिन्नू यादव समेत अन्य आरोपियों पर सख्त कार्रवाई के साथ ही भाजपा सांसद बृजलाल ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने अखिलेश यादव को हिंदू-विरोधी और राम-विरोधी बताया और आगामी चुनावों में सपा-कांग्रेस के सफाए का भविष्यवाणी की।
भाजपा सांसद बृजलाल ने राम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट के चढ़ावा घोटाले में चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे स्वीकार किए जाने पर कहा, "वो वहां के कर्ताधर्ता थे, इसलिए उन्होंने इस्तीफा दे दिया। चढ़ावा चोर पकड़े गए हैं और एसआईटी जांच कर रही है। राम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ कहा कि कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा। उनकी अर्जित संपत्तियां भी जब्त की जाएंगी।"
बृजलाल ने आगे कहा कि इस घटना के बाद ऐसी मजबूत व्यवस्था की जाएगी कि भविष्य में एक पैसा भी चढ़ावा चोरी न हो सके। उन्होंने अफवाह फैलाने वालों पर भी निशाना साधते हुए कहा, "कुछ लोग सोने की रामायण, खड़ाऊं और आभूषण चोरी होने का झूठा नैरेटिव बना रहे थे, लेकिन ट्रस्ट ने सब कुछ पत्रकारों के सामने पेश कर दिया। जो फर्जी कहानियां गढ़ रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।"
सांसद बृजलाल ने इस पूरे प्रकरण का मुख्य आरोपी टिन्नू यादव को बताया। उन्होंने कहा, "टिन्नू यादव मुख्य आरोपी है। बाकी उसके साथी हैं। उन्होंने नियमों का उल्लंघन कर चढ़ावा चोरी की, जो पूरी तरह अक्षम्य है।" उन्होंने जोर देकर कहा कि जांच में सारी सच्चाई सामने आ चुकी है।
उत्तर प्रदेश पुलिस और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के भत्तों में 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी पर बृजलाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की। उन्होंने कहा, "सीएम योगी को बहुत-बहुत साधुवाद। पुलिस महकमे के बिना किसी का काम नहीं चल सकता। आज यूपी में 40 लाख करोड़ रुपए का निवेश आ रहा है। हर जगह विकास हो रहा है। इसके लिए जरूरी है कि कानून व्यवस्था मजबूत रहे। अपराधियों पर सख्त कार्रवाई हो रही है। यूपी को अपराध मुक्त बनाने का श्रेय पूरी तरह सीएम योगी को जाता है।"
अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए बृजलाल ने कहा, "इस बार अखिलेश यादव हारेंगे। पूरा देश जान गया है कि वे हिंदू-विरोधी और राम-विरोधी हैं। वे तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं। अगर उनके बस चले तो राम जन्मभूमि पर मस्जिद बना देंगे। हिंदू कभी उन पर विश्वास नहीं करेगा। जहां भी अखिलेश हैं, वहां से भी हारने वाले हैं।"
सीएम योगी द्वारा सपा और कांग्रेस पर 'गिरगिट की तरह रंग बदलने' के आरोप का समर्थन करते हुए बृजलाल ने कहा, "कांग्रेस ने भगवान राम के अस्तित्व पर ही सवाल उठाया था। आज तक उनके किसी नेता ने राम जन्मभूमि का दौरा नहीं किया। मुलायम सिंह यादव ने तो गोलियां चलवाईं और नरसंहार किया। देश ने विपक्ष को नकार दिया है। आने वाले चुनाव में कांग्रेस और सपा का अस्तित्व खत्म हो जाएगा।"
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी

