Samachar Nama
×

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में नई एसआईटी से सच सामने आएगा : महंत भक्तचरण दास

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में नई एसआईटी से सच सामने आएगा : महंत भक्तचरण दास
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में नई एसआईटी से सच सामने आएगा : महंत भक्तचरण दास

नासिक, 26 जुलाई (आईएएनएस)। अयोध्या के राम मंदिर में हुए चढ़ावा चोरी मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान सुप्रीम कोर्ट ने एक नई स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) बनाने का निर्देश दिया। इसको लेकर धार्मिक गुरु महंत भक्तचरण दास महाराज ने कहा कि अब सब सच साफ-साफ सामने आएगा।

आईएएनएस से बातचीत में धार्मिक गुरु महंत भक्तचरण दास महाराज ने कहा कि राम मंदिर में धार्मिक कार्यों के लिए पुराने महात्माओं और संतों को ट्रस्ट में नियुक्त किया गया है। इसके लिए ट्रस्ट को बहुत-बहुत धन्यवाद।

उन्होंने कहा कि चढ़ावा चोरी मामले में सुप्रीम कोर्ट ने नई एसआईटी के गठन के लिए निर्देश दिए हैं। नए अधिकारियों को जांच की जिम्मेदारी दी गई है। मुझे ऐसा लगता है कि इसके बाद दूध का दूध और पानी का पानी होगा।

उन्होंने कहा कि चढ़ावा चोरी का मुद्दा धार्मिक लिहाज से बहुत महत्वपूर्ण है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट, अधिकारी और मुख्यमंत्री जरूरी विचार करेंगे। जिसकी भी गलती है, उसे कानून के अनुसार दंड भी मिलना चाहिए।

2027 में महाराष्ट्र के नासिक में कुंभ का आयोजन किया जाना है। इसको लेकर धार्मिक गुरु महंत भक्तचरण दास महाराज ने कहा कि कपिलधारा स्वर्गाश्रम ट्रस्ट प्रत्येक कुंभ मेले में साधु-संतों और अखाड़ों के लोगों को बुलाकर स्नान करवाता है, जिसे पर्व स्नान कहा जाता है।

उन्होंने कहा कि तीनों अखाड़ों की तरफ से 27 अगस्त को पर्व स्नान के लिए फलाहारी बाबा को जानकारी दी गई है। शासन और प्रशासन भी इसमें सहयोग दे रहे हैं। इसको लेकर मंत्री छगन भुजबल के साथ बातचीत भी हुई। आश्वासन दिया गया कि मेला शुरू होने से पहले सारे बचे हुए काम पूरे कर लिए जाएंगे।

महंत भक्तचरण दास महाराज ने कहा कि मैं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और सरकार को धन्यवाद देता हूं कि वे इस जगह को विकसित कर रहे हैं और यहां आने वाले साधु-संतों के लिए व्यवस्था कर रहे हैं।

इस बार कुंभ मेले की शुरुआत 2026 के अंतिम महीनों से होगी, जबकि मुख्य धार्मिक आयोजन और अमृत स्नान वर्ष 2027 में आयोजित किए जाएंगे। कुंभ मेले का समापन 24 जुलाई 2028 को होगा।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी

Share this story

Tags