Samachar Nama
×

रामगोपाल वर्मा ने बताया 'पुलिस कंपनी' टाइटल का मतलब, कहा-संस्था कैसे बन जाती है कंपनी

रामगोपाल वर्मा ने बताया 'पुलिस कंपनी' टाइटल का मतलब, कहा-संस्था कैसे बन जाती है कंपनी
रामगोपाल वर्मा ने बताया 'पुलिस कंपनी' टाइटल का मतलब, कहा-संस्था कैसे बन जाती है कंपनी

मुंबई, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। मशहूर निर्देशक रामगोपाल वर्मा आगामी क्राइम थ्रिलर फिल्म 'पुलिस कंपनी' लेकर आ रहे हैं। बुधवार को निर्देशक ने बताया कि उन्होंने अपनी अगली फिल्म का नाम 'पुलिस कंपनी' क्यों रखा है।

निर्देशक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने लिखा, "पुलिस एक संस्था है और कंपनी एक पैसा कमाने वाला संगठन है लेकिन जब इसकी शक्तियां हद से ज्यादा बढ़ जाती हैं, तो एक संस्था कंपनी बन जाती है। इसलिए नाम है 'पुलिस कंपनी'।"

इससे कुछ घंटे पहले ही निर्देशक ने ऐलान किया था कि उनकी फिल्म अगले साल 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। उनके इस ऐलान के बाद से फैंस और फिल्म प्रेमियों में काफी उत्साह है।

उन्होंने अपनी इस पोस्ट के जरिए फिल्म की टीम के बारे में बताया था। उन्होंने लिखा था, "टी-सीरीज द्वारा निर्मित पुलिस कंपनी में हर्षवर्धन राणे मुंबई के मशहूर एनकाउंटर कॉप दया नायक के किरदार में हैं और यह फिल्म मुंबई के अंडरवर्ल्ड के सबसे हिंसक दौर की सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। भूषण कुमार की टी-सीरीज द्वारा निर्मित यह फिल्म अपराध की दुनिया के दूसरे पहलू यानी पुलिस की दुनिया को उजागर करेगी, जो असल में 'कंपनी' का दूसरा रूप है।"

फिल्म की बात करें तो इसकी कहानी स्पेशल एनकाउंटर स्क्वाड और पूर्व एनकाउंटर स्पेशलिस्ट दया नायक के जीवन पर आधारित होगी, जिनका किरदार अभिनेता हर्षवर्धन राणे निभाएंगे। यह फिल्म 1997 से 2004 के बीच मुंबई पुलिस के उस स्पेशल एनकाउंटर स्क्वाड की कहानी है, जिसने अंडरवर्ल्ड के करीब 300 गैंगस्टरों का सफाया किया था। फिल्म में हर्षवर्धन राणे, फरदीन खान, फातिमा सना शेख, परेश रावल, सौरभ शुक्ला, मकरंद देशपांडे और अश्विनी कालसेकर मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।

माना जा रहा है कि यह फिल्म रामगोपाल वर्मा की पुरानी फिल्मों 'कंपनी' और 'सत्या' के अंडरवर्ल्ड जॉनर की वापसी होगी। भूषण कुमार, कृष्ण कुमार और राम गोपाल वर्मा (टी-सीरीज फिल्म्स और आरजीवी कंपनी का संयुक्त प्रोडक्शन) के साथ फिल्म को रिलीज किया जाएगा।

--आईएएनएस

एनएस/पीएम

Share this story