Samachar Nama
×

रक्षाबंधन पर उत्तराखंड सरकार ने बहनों को दिया तोहफा, बसों में मुफ्त सफर की सुविधा

रक्षाबंधन पर उत्तराखंड सरकार ने बहनों को दिया तोहफा, बसों में मुफ्त सफर की सुविधा
रक्षाबंधन पर उत्तराखंड सरकार ने बहनों को दिया तोहफा, बसों में मुफ्त सफर की सुविधा

देहरादून, 27 अगस्त (आईएएनएस)। भाई-बहन के बीच प्यार के बंधन का प्रतीक त्योहार, रक्षाबंधन के मौके पर उत्तराखंड सरकार ने राज्य की महिलाओं को एक बड़ा तोहफा दिया है। रक्षाबंधन त्योहार के मौके पर शुक्रवार को बहनें उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। सरकार के इस फैसले के बाद परिवहन निगम ने भी यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए तैयारियां तेज कर दी हैं।

उत्तराखंड परिवहन निगम के अन्य डिपो के साथ काशीपुर डिपो भी रक्षाबंधन के दिन महिला यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं कर रहा है। काशीपुर रोडवेज डिपो के स्टेशन प्रभारी अनवर कमल के मुताबिक, स्थानीय मार्गों पर संचालित बसों के फेरों में बढ़ोतरी की जाएगी। कई बसों को एक के बजाय डबल चक्कर लगाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि यात्रियों को बसों के लिए अधिक इंतजार न करना पड़े।

दिल्ली रूट पर भी बसों की संख्या बढ़ाई गई है। सामान्य दिनों में इस मार्ग पर करीब आठ बसों का संचालन किया जाता है, जिसे रक्षाबंधन के मौके पर बढ़ाकर 12 बसें कर दिया गया है। वहीं, देहरादून रूट पर भी यात्रियों की भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है।

त्योहार को लेकर की जा रही इन्हीं व्यवस्थाओं को लेकर रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने भाइयों के घर आने-जाने के लिए बसों का इस्तेमाल करती हैं। ऐसे में किसी भी यात्री को परेशानी न हो, इसके लिए बसों की उपलब्धता और फेरों की संख्या बढ़ाई जा रही है।

इसे लेकर अनवर कमाल, स्टेशन प्रभारी काशीपुर रोडवेज डिपो ने गुरुवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि भाई-बहन के प्रेम के पर्व रक्षाबंधन पर उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश की बहनों को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सौगात दी है। काशीपुर डिपो ने भी त्योहार पर संभावित भीड़ को देखते हुए तैयारियां पूरी कर ली हैं। स्टेशन प्रभारी अनवर कमल के मुताबिक, स्थानीय रूटों पर बसें डबल चक्कर लगाएंगी। दिल्ली रूट पर बसों की संख्या आठ से बढ़ाकर बारह कर दी गई है, जबकि देहरादून रूट पर भी अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा।

--आईएएनएस

डीके/डीएससी

Share this story

Tags