रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने रांची में जवानों के साथ मनाया रक्षाबंधन, बांधी राखी और बढ़ाया हौसला
रांची, 28 अगस्त (आईएएनएस)। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने शुक्रवार को रांची में रक्षाबंधन का पर्व बड़े ही आत्मीय अंदाज में मनाया। इस मौके पर उन्होंने भारतीय सेना के जवानों और आंचल आश्रम के बच्चों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।
रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर इसको लेकर पोस्ट किया गया। पोस्ट में लिखा गया, "रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने 28 अगस्त, 2026 को रांची में इंडियन आर्मी के जवानों के साथ रक्षाबंधन मनाया। उन्होंने जवानों को राखी बांधी, उनसे बातचीत की और उनके साथ आत्मीय पल बिताए, जिससे देश और उसके बहादुर रक्षकों के बीच भरोसे, स्नेह और कृतज्ञता के अटूट बंधन को फिर से बल मिला।"
वहीं, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने भी 'एक्स' पर इस खास मौके की तस्वीरें और अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने लिखा, "रक्षाबंधन के पावन अवसर पर आज रांची में भारतीय सेना के वीर जवानों के साथ समय व्यतीत करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। जवानों को राखी बांधकर उनके साथ संवाद किया और इस उत्सव की खुशियों को उनके साथ साझा किया। यह अवसर राष्ट्र की रक्षा में सदैव तत्पर हमारे वीर सैनिकों के प्रति विश्वास, स्नेह और कृतज्ञता के अटूट बंधन का प्रतीक है। हमारे जवानों का समर्पण और साहस ही देश की सुरक्षा और शक्ति का आधार है।"
सेना के जवानों के साथ रक्षाबंधन मनाने के बाद संजय सेठ आंचल आश्रम पहुंचे। वहां उन्होंने उन बच्चों के साथ त्योहार मनाया जिनके सिर पर माता-पिता का साया नहीं है।
इसको लेकर उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा, "रक्षाबंधन के पावन अवसर पर आज आंचल आश्रम में बच्चों के बीच शामिल होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। जिन बच्चों के सिर पर माता-पिता का साया नहीं है, उनके साथ इस आत्मीय पर्व की खुशियां साझा करना मेरे लिए अत्यंत भावुक और अविस्मरणीय क्षण रहा। बच्चों से राखी बंधवाकर उनके स्नेह और अपनत्व को महसूस किया। सचमुच, रिश्ते केवल रक्त से नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास और संवेदनाओं से भी बनते हैं। इस अवसर पर झारखंड विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष श्री चंद्रकांत रायपत जी विशेष रूप से उपस्थित रहे।"
--आईएएनएस
एससीएच

