Samachar Nama
×

केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अरलेकर ने किया मतदान, मतदाताओं से की खास अपील

नई दिल्ली, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। असम, केरल और पुडुचेरी में जारी विधानसभा चुनावों के बीच अलग-अलग राज्यों से नेताओं के बयान सामने आ रहे हैं, जिनमें मतदान को लेकर उत्साह, जनता से अपील और चुनावी नतीजों को लेकर भरोसा साफ दिखाई दे रहा है। केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अरलेकर ने पहली बार विधानसभा चुनाव में वोट डालने के बाद खुशी जाहिर की।
केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अरलेकर ने किया मतदान, मतदाताओं से की खास अपील

नई दिल्ली, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। असम, केरल और पुडुचेरी में जारी विधानसभा चुनावों के बीच अलग-अलग राज्यों से नेताओं के बयान सामने आ रहे हैं, जिनमें मतदान को लेकर उत्साह, जनता से अपील और चुनावी नतीजों को लेकर भरोसा साफ दिखाई दे रहा है। केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अरलेकर ने पहली बार विधानसभा चुनाव में वोट डालने के बाद खुशी जाहिर की।

उन्होंने कहा, "मैं खुद को बहुत सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझे इस राज्य में पहली बार वोट देने का मौका मिला। मुझे उम्मीद है कि हमेशा अच्छे लोग ही चुने जाएंगे। मैं सभी लोगों से अपील करता हूं कि वे बड़ी संख्या में बाहर निकलें और अपने इस पवित्र कर्तव्य को निभाएं।"

वहीं, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि एनडीए बहुत मजबूत स्थिति में है। असम में एनडीए की सरकार बनने जा रही है और अन्य क्षेत्रों में भी भाजपा का प्रदर्शन अच्छा रहने की उम्मीद है। देशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काम पर लोगों का भरोसा और विश्वास बढ़ा है।

पटना में जदयू के राज्यसभा सदस्य संजय कुमार झा ने भी इसी तरह का दावा किया। उन्होंने कहा, "जमीनी स्तर से मिल रही जानकारी के आधार पर असम में एनडीए की स्पष्ट जीत नजर आ रही है। वहीं पुडुचेरी में भी एनडीए सरकार बनने की संभावना है।"

दिल्ली में भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने केरल चुनावों को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की वैश्विक छवि मजबूत हुई है। इसका सकारात्मक माहौल पूरे देश में बना है, जिसका फायदा भाजपा और एनडीए को जरूर मिलेगा। मुझे पूरा विश्वास है कि केरल के नतीजे उत्साहजनक होंगे।

खंडेलवाल ने आगे कहा कि चुनावी रुझान और मतदाताओं के उत्साह से साफ है कि लोगों का भरोसा प्रधानमंत्री मोदी पर बढ़ा है। मुझे पूरा विश्वास है कि पुडुचेरी, केरल और असम में भाजपा और एनडीए की सरकारें बनेंगी।

आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष सैयद बाशा ने कहा कि असम, केरल और पुडुचेरी में चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस बार करीब 10 लाख नए मतदाता वोट डालने आ रहे हैं, जो लोकतंत्र के लिए एक अच्छा संकेत है। युवाओं और नए वोटरों की भागीदारी से यह साफ है कि इन राज्यों में एक मजबूत सरकार बनेगी।

तिरुवनंतपुरम में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव अनिल के. एंटनी ने कहा कि केरल में भाजपा तेजी से आगे बढ़ रही है। यहां पार्टी के पास एक सांसद है, कई नगरपालिकाएं, ग्राम पंचायतें, और एक बड़ा निगम भी है, जहां हमारा मेयर और डिप्टी मेयर हैं।

उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा, "राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर वोट जरूर करें और विकसित केरल के निर्माण में भागीदारी निभाएं। यह चुनाव केरल की राजनीतिक दिशा और भविष्य तय करने वाला है।" के. एंटनी ने यह भी कहा कि पिछले 70-75 सालों में यूडीएफ और एलडीएफ बारी-बारी से सत्ता में आते रहे हैं, लेकिन राज्य आज भी विकास, बेरोजगारी और अवसरों की कमी जैसी चुनौतियों से जूझ रहा है।

एर्नाकुलम में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एएन राधाकृष्णन ने कहा कि इस बार एलडीएफ और यूडीएफ को पूर्ण बहुमत मिलना मुश्किल है, जबकि एनडीए 'डबल डिजिट' तक पहुंच सकता है। अब कोई भी एनडीए को नजरअंदाज करके आगे नहीं बढ़ सकता, केरल में ऐसा राजनीतिक माहौल बन रहा है।

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में भाजपा नेता टीआर श्रीनिवास ने कहा कि एलडीएफ और यूडीएफ के खराब प्रबंधन के कारण केरल को कई समस्याओं का सामना करना पड़ा है। अब भाजपा के पक्ष में एक नई लहर बन रही है और चुनाव नतीजों में पार्टी के वोट शेयर और सीटों में बढ़ोतरी देखकर लोग चौंक जाएंगे।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम

Share this story

Tags