Samachar Nama
×

राज्यपाल और सीएम हेमंत ने महात्मा गांधी-लाल बहादुर शास्त्री को किया नमन, बापू वाटिका पहुंचकर दी श्रद्धांजलि

राज्यपाल और सीएम हेमंत ने महात्मा गांधी-लाल बहादुर शास्त्री को किया नमन, बापू वाटिका पहुंचकर दी श्रद्धांजलि
राज्यपाल और सीएम हेमंत ने महात्मा गांधी-लाल बहादुर शास्त्री को किया नमन, बापू वाटिका पहुंचकर दी श्रद्धांजलि

रांची, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को झारखंड में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, रक्षा राज्यमंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ और राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने रांची के मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने लोक भवन में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर महात्मा गांधी ने मानवता को नई दिशा दी। उनके विचार और आदर्श आज भी सत्यनिष्ठा, शांति, सद्भाव और समाज सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

संतोष कुमार गंगवार ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि सादगी, विनम्रता और कर्तव्यनिष्ठा से परिपूर्ण उनका जीवन देशसेवा की प्रेरणादायी मिसाल है। राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण और ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश देशवासियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गांधी जयंती पर महात्मा गांधी को नमन करते हुए कहा कि बापू ने सत्य और अहिंसा के रास्ते पर चलते हुए देश को स्वतंत्रता का मार्ग दिखाया और दुनिया को मानवता, शांति तथा सह-अस्तित्व का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जब समाज में विभाजन की कोशिशें दिखाई देती हैं, तब गांधी के सत्य, अहिंसा, निर्भीकता, सद्भाव और सर्वजन हित का संदेश और अधिक प्रासंगिक हो जाता है। गांधी ऐसे देश का सपना देखते थे जहां अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचे, गरीब और वंचित को सम्मान मिले, गांव सशक्त हों और प्रकृति के साथ संतुलन बना रहे।

सीएम सोरेन ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री को भी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, "शास्त्री जी का सरल जीवन, दृढ़ नेतृत्व, ईमानदारी और देश के प्रति समर्पण सदैव हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। जय जवान, जय किसान। उनका आह्वान सदैव लोगों को प्रेरित करता रहेगा।"

इस दौरान अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

--आईएएनएस

एसएनसी/एसके

Share this story

Tags