Samachar Nama
×

राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के दो-तिहाई से अधिक सांसदों का भाजपा में विलय : राघव चड्ढा

नई दिल्ली, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) को शुक्रवार को करारा झटका लगा है। राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा समेत पार्टी के सात सांसदों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने का ऐलान कर दिया है। राघव चड्ढा ने इसे 'आप' के दो-तिहाई से ज्यादा सांसदों का भाजपा में विलय बताया है।
राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के दो-तिहाई से अधिक सांसदों का भाजपा में विलय : राघव चड्ढा

नई दिल्ली, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) को शुक्रवार को करारा झटका लगा है। राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा समेत पार्टी के सात सांसदों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने का ऐलान कर दिया है। राघव चड्ढा ने इसे 'आप' के दो-तिहाई से ज्यादा सांसदों का भाजपा में विलय बताया है।

राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि आज, भारत के संविधान के प्रावधानों का प्रयोग करते हुए राज्यसभा में आम आदमी पार्टी (आप) के दो-तिहाई से अधिक सांसदों ने भाजपा में विलय कर लिया है। सात सांसदों ने उस दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसे राज्यसभा के अध्यक्ष को सौंपा गया था। मैंने, दो अन्य सांसदों के साथ, व्यक्तिगत रूप से हस्ताक्षरित दस्तावेज सौंपे।

वहीं, आम आदमी पार्टी ने इसे भाजपा का 'ऑपरेशन लोटस' करार दिया है। पार्टी का आरोप है कि ईडी और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों का भय दिखाकर आप के नेताओं को तोड़ने की साजिश रची गई है। आप राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि ऑपरेशन लोटस के माध्यम से भाजपा पंजाब की भगवंत मान सरकार को अस्थिर करना चाहती है। उन्होंने कहा कि यह पंजाब और पंजाब के लोगों के साथ धोखा है। पंजाब की जनता इसको कभी नहीं भूलेगी।

इससे पहले राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने पार्टी छोड़ने के फैसले पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आप अपने मूल सिद्धांतों से पूरी तरह भटक गई हैं। उन्होंने कहा कि जिस आप को मैंने 15 सालों तक अपने खून से सींचा, वह अपने मार्ग से भटक गई है। अब पार्टी देशहित के लिए नहीं, बल्कि अपने निजी फायदों के लिए काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि पार्टी को दिल्ली, पंजाब और अन्य राज्यों में विस्तार देने के लिए सभी नेताओं ने मिलकर कड़ी मेहनत की थी, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। मैं आप से दूर जा रहा हूं और जनता के पास आ रहा हूं।

भाजपा में शामिल होने के फैसले पर चड्ढा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले 12 सालों में केंद्र सरकार ने कई ऐसे फैसले लिए हैं, जिन फैसलों को लेने से पहले कई नेता डरते थे। जनता ने इस नेतृत्व पर तीन बार मुहर लगाई है और अब हम भी उसी नेतृत्व में देश के लिए काम करेंगे।

राघव चड्ढा ने आगे कहा कि राज्यसभा में 'आप' के 10 सांसद हैं और दो-तिहाई से ज्यादा सांसद इस मुहिम में हमारे साथ हैं। उन्होंने पहले ही हस्ताक्षर कर दिए हैं, और आज सुबह हमने सभी जरूरी दस्तावेज, जिनमें हस्ताक्षरित पत्र और अन्य औपचारिक कागजात शामिल हैं, राज्यसभा के सभापति को सौंप दिए हैं। जैसा कि मैंने बताया, दो-तिहाई से ज्यादा सांसद हमारा समर्थन कर रहे हैं और हम जल्द ही आपको पूरी सूची उपलब्ध करा देंगे। उनमें से तीन सांसद अभी आपके सामने यहां मौजूद हैं। इनके अलावा, विश्व-स्तरीय क्रिकेटर हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रम साहनी और स्वाति मालीवाल भी शामिल हैं।

--आईएएनएस

एमएस/एबीएम

Share this story

Tags